Movie prime
Ad

वाराणसी: तहसील गेट पर महिलाओं ने एसडीएम को रोका, डेढ़ साल में 800 प्रार्थना पत्र देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

महिलाओं का आरोप है कि उनके आवास स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन न तो घरौनी दी गई और न ही कोई कागजात मिले

Ad

 
महिलाओं का हंगामा
WhatsApp Group Join Now

Ad
वाराणसी। राजातालाब तहसील गेट पर शनिवार को उस समय हलचल मच गई जब बरनी तिवारीपुर गांव की सैकड़ों बनवासी महिलाओं ने सामाज उत्थान सेवा समिति के बैनर तले सड़क पर ही एसडीएम को रोक लिया। महिलाओं ने घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि वे पिछले डेढ़ साल से अपनी समस्याओं को लेकर लगातार प्रार्थना पत्र दे रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शन में शामिल उषा, सुनीता, शांति, ललिता समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि उनके गांव में पानी की भारी किल्लत है। न तो पाइपलाइन से पानी आ रहा है और न ही हैंडपंप काम कर रहे हैं। गर्मी में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि महिलाओं को रोज कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है।
Ad
Ad
महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके आवास स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन न तो घरौनी दी गई और न ही कोई कागजात मिले। बरनी तिवारीपुर की बस्ती में दर्जनों परिवार अभी भी झोपड़ियों में रह रहे हैं। उनका कहना था कि डेढ़ साल में करीब 800 प्रार्थना पत्र तहसील और ब्लॉक कार्यालय में जमा करने के बावजूद किसी ने सुध नहीं ली।
Ad
वहीं, राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत भी महिलाओं ने खुलकर रखी। उन्होंने कहा कि पात्र गृहस्थी कार्ड होने के बावजूद उन्हें महीनों से राशन नहीं मिला। इस पर एसडीएम ने मौके पर ही सप्लाई इंस्पेक्टर को बुलाया और तुरंत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने सड़क पर ही महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी, आवास और राशन से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।
Ad
सामाज उत्थान सेवा समिति की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति ने बताया कि उनकी संस्था लंबे समय से दलित, वंचित और बनवासी वर्ग के अधिकारों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बरनी तिवारीपुर जैसे गांवों में अब भी मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंची हैं, और सरकार की योजनाएं केवल कागजों पर सीमित हैं।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे फिर से बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगी। तहसील गेट पर घंटों तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और राहगीरों में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Ad