वाराणसी: लोहता के भितनपुर में देशी शराब ठेके पर महिलाओं का हल्ला बोल
सुबह 6 बजे से छलकते हैं जाम; शराबी और सेल्समैन कर रहे अभद्रता, परेशान महिलाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
वाराणसी (लोहता) / भदैनी मिरर:
वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र स्थित भितनपुर गांव में संचालित देशी शराब के ठेके को लेकर स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। ठेके पर हर रोज जुटने वाले अराजक तत्वों, नशाखोरों और सेल्समैन की मनमानी से तंग आकर पीड़िता सोली देवी समेत क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने पुलिस आयुक्त/जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ठेका तत्काल बंद कराने और उसका लाइसेंस निरस्त करने की गुहार लगाई है।

सुबह 6 बजे से खुलने लगती है दुकान, रास्ता हुआ दुश्वार
प्रार्थना पत्र के माध्यम से महिलाओं ने आरोप लगाया कि भितनपुर में स्थित इस देशी शराब ठेके पर सुबह 6 बजे से ही अवैध रूप से शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। यहां दिनभर आपराधिक किस्म के व्यक्तियों और नशाखोरों का जमावड़ा लगा रहता है। पास में ही स्कूल होने के कारण पढ़ने जाने वाली छात्राओं और आसपास के खेतों में मजदूरी करने वाली महिलाओं का रास्ते से गुजरना दूभर हो गया है।

अभद्रता, छिटकशी और मजदूरी के पैसे छीनने का आरोप
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में धुत नशाखोर और असामाजिक तत्व तेज रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं और राह चलती महिलाओं व छात्राओं पर गंदे इशारे व गालियां बकते हैं।
इसके अलावा, महिलाओं ने सेल्समैन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि काम से लौट रहे उनके पति और परिवार के सदस्यों को उधार शराब देकर उनकी पूरी मजदूरी और समूह के लोन की किश्त के पैसे वहीं ले लिए जाते हैं, जिससे उनके घरों में रोज कलह और मारपीट की नौबत आ रही है।

शिकायत पर धमकी और ठेका बंद कराने की मांग
ग्रामीण महिलाओं ने जब इस बात का विरोध किया और सेल्समैन व वहां बैठे लोगों से शिकायत की, तो वे आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए किसी भी कार्रवाई न होने की धमकी देने लगे।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा के मद्देनजर पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि भितनपुर स्थित इस देशी शराब ठेके का लाइसेंस रद्द कर इसे तुरंत प्रभाव से बंद कराया जाए, अन्यथा वे उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगी।
