Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: लमही में किराना दुकान के बाहर महिला से गले की चेन छीनी; विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी, CCTV में कैद पूरी वारदात

लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र का मामला; गुटखा मांगने के बहाने आए बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, FIR दर्ज

Ad

 
news
WhatsApp Group Join Now

Ad

क्राइम डेस्क, भदैनी मिरर (वाराणसी)। वाराणसी के लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लमही इलाके में बाइक सवार बदमाशों के बेखौफ हौसले का मामला सामने आया है। माँ लक्ष्मीपुरम कॉलोनी निवासी सत्यम जायसवाल की किराना दुकान के बाहर बैठी उनकी वृद्ध माँ गायत्री देवी से बदमाशों ने जबरन सोने की चेन छीन ली और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

Ad

पूरी वारदात सामने मकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुटखा मांगने के बहाने आए थे बाइक सवार बदमाश

पीड़ित सत्यम जायसवाल पुत्र सुनील कुमार जायसवाल ने लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके घर में ही एक छोटी किराना दुकान है।
घटना के वक्त उनकी माँ गायत्री देवी दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठी हुई थीं। तभी एक बाइक पर दो अज्ञात व्यक्ति आकर दुकान के पास रुके। बाइक पर पीछे बैठा बदमाश उतरा और दुकान के पास जाकर गुटखा मांगने लगा।

विरोध करने पर बलपूर्वक छीनी चेन, दी धमकी


जैसे ही बुजुर्ग महिला सामान देने के लिए कुर्सी से उठकर मुड़ीं, बदमाश ने जबरदस्ती उनका बाजू पकड़ लिया और गले में पहनी सोने की चेन खींचने लगा।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का कड़ा विरोध किया। इसके बावजूद बदमाश बलपूर्वक चेन छीनकर अपने साथी की बाइक पर बैठकर भागने लगा।
भागते-भागते बदमाश ने पीड़ित महिला को धमकाते हुए कहा, "बुढ़िया चुपचाप अपना काम करो, नहीं तो जान से मार दूंगा, कुछ नहीं कर पाओगी।"

CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस ने दर्ज किया केस

गनीमत यह रही कि पूरी घटना सामने वाले मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी मदद से पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
तहरीर के आधार पर लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(2) (छीनने/स्नैचिंग के लिए बल प्रयोग) और धारा 351(3) (अपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर बाइक सवार अपराधियों की तलाश कर रही है।