
वाराणसी : सोने का बिस्किट देने का झांसा देकर महिला की सोने की चेन ले उड़े उचक्के
राजातालाब हाईवे ओवर ब्रिज के नीचे हुई घटना, बाइक से आये थे दो उचक्के



नुआंव की रहनेवाली हैं पूनम सिंह, जा रही थी जंसा अपने मायके
वाराणसी, भदैनी मिरर। राजातालाब हाईवे ओवर ब्रिज के नीचे मंगलवार को दोपहर एक राहगीर महिला को सोने का बिस्किट देने का झांसा देकर उचक्के महिला की सोने की चेन लेकर भाग निकला। ठगे जाने का अहसास होने पर महिला ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने में तहरीर दी।



उचक्के के झांसे में आईं महिला लंका थाना क्षेत्र के नुआव के स्व. जयप्रकाश सिंह की पत्नी पूनम सिंह है। वह जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार जा रही थी। वह दोपहर बाद में राजातालाब में ओवरब्रिज के नीचे पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार दो व्यक्ति उनके पास आकर ऑटो का किराया पूछने लगा। बातचीत के दौरान एक उचक्के ने बताया कि उसके साथी के पास दो सोने की बिस्किट है। एक मैं ले रहा हूं एक आप ले लीजिए। सोने के बिस्किट की जगह आप अपनी सोने की चेन दे दीजिए। अब सोने के बिस्किट के लालच में पूनम सिंह उस व्यक्ति के झांसी में आ गयीं।

उन्होंने अपनी सोने के चेन निकाल कर दे दी। इसके बाद उचक्के ने उन्हें कथित सोने का बिस्किट दिया। पूनम ने देखा तो उन्हें लगा कि यह सोना का बिस्किट नकली है। इस पर उन्होंने उसे बिस्किट वापस कर दिया और अपना चेन वापस मांगने लगीं। इतने में उस व्यक्ति ने पॉलिथीन में लपेटकर सोने का चेन वापस कर दिया। जब उन्होंने उसे खोला तो वह दूसरी नकली सोने की चेन थी। इस दौरान मौका पाकर दोनों उचक्के भाग निकले। पूनम ने बताया कि दोनों उचक्के बाइक से थे। भुक्तभोगी पूनम सिंह ने राजातालाब थाने में इसकी तहरीर दी है। पुलिस उचक्कों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


