वाराणसी: महावीर मंदिर में महिला से छेड़खानी और मारपीट, घोषित पुजारी पर लगा गंभीर आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में पूजा करने गई महिला के साथ बदसलूकी, विरोध करने पर पुजारी और उसके बेटे ने की मारपीट; पीड़िता लहूलुहान।
भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क): वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया (डीएस कॉलोनी) स्थित महावीर मंदिर में पूजा करने गई एक महिला के साथ बदसलूकी, छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि मंदिर के स्वघोषित पुजारी और उसके पुत्र ने अकेले पाकर उसके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया।

पूजा करने गई महिला से छेड़खानी और हमला
डीएस कॉलोनी (फुलवरिया) निवासी पीड़िता शोभा मिश्रा के अनुसार, वह सुबह लगभग 7:10 बजे महावीर बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गई थीं। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कथित पुजारी प्रेमचंद दुबे ने महिला को अकेला देखकर उससे छेड़खानी शुरू कर दी। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी प्रेमचंद दुबे और उसके बेटे आनंद दुबे ने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर महिला पर हमला कर दिया और उसे लात-घूंसों से पीटा। इस हमले में महिला का हाथ चोटिल हो गया और वह लहूलुहान हो गई।

बिना इजाजत पूजा न करने देने और अभद्र टिप्पणी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मंदिर परिसर में दहशत फैलाने की नीयत से कहा कि "बिना उसकी अनुमति के मंदिर में कोई पूजा नहीं कर सकता।" शिकायत पत्र के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी कॉलोनी की कई अन्य महिलाओं के साथ बदसलूकी और अश्लील हरकतें कर चुका है, जिसकी शिकायत पहले भी स्थानीय स्तर पर की गई थी।

112 पर सूचना के बाद भी धमकी, वीडियो फुटेज उपलब्ध होने का दावा
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को थाने आने की हिदायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस के जाते ही विपक्षी महिला को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने दावा किया है कि आरोपी मंदिर परिसर में अराजक तत्वों को बुलाकर शराब-गांजा पिलाता है और उपद्रव कराता है, जिसके वीडियो और फोटो साक्ष्य के रूप में उपलब्ध हैं।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से अपना डॉक्टरी मुआयना (मेडिकल) कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
