वाराणसी में 'आग' बरसा रहा मौसम: सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा, अगले 5 दिनों तक भीषण लू का रेड अलर्ट
अधिकतम तापमान: 44.0°C (सामान्य से 4.8°C अधिक), न्यूनतम तापमान: 24.5°C (रात में भी गर्मी का प्रकोप
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी काशी में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। वाराणसी में लगातार दूसरे दिन पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक भीषण 'लू' (Heat Wave) चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को दोपहर में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।


दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
सोमवार को सुबह 8 बजे से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को तपाना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों ने स्थिति और गंभीर कर दी। इसका असर यह रहा कि दशाश्वमेध घाट समेत अन्य गंगा घाटों, रेलवे स्टेशन और मुख्य बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा नजर आया। गर्मी का आलम यह है कि अब रातें भी बेचैन करने लगी हैं।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
बीएचयू (BHU) के प्रसिद्ध मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि:
"अगले पांच दिनों तक यानी 25 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रहेगी। वायुमंडल में नमी की कमी और पछुआ हवाओं के कारण तापमान में अभी और बढ़ोतरी देखी जा सकती है।"
सावधानी बरतने की अपील
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, सूती कपड़े पहनने और दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों का ध्यान रखने की आवश्यकता है।

