वाराणसी: स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 34 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में होगी कैद
27 अक्टूबर को होगी मतगणना, 21 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 102 बूथों पर हो रहा मतदान
वाराणसी। खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (MLC) चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8:00 बजे से शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया है।
वाराणसी जिले के 21 मतदान केंद्रों पर 102 बूथों पर मतदान
बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोनों सीटों के लिए कुल 74,840 मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल हैं।

मतदान प्रक्रिया शाम 4:00 बजे तक जारी रहेगी। इस चुनाव में स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कुल मिलाकर दोनों सीटों के 34 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य आज मतपेटियों में बंद हो जाएगा।
किन दिग्गजों के बीच है मुकाबला?
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: यहां समाजवादी पार्टी के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: इस सीट पर सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह प्रमुख दावेदारों के रूप में आमने-सामने हैं।
8 जिलाें में फैला है वाराणसी खंड निर्वाचन क्षेत्र
वाराणसी खंड का यह चुनाव कुल आठ जिलों में संपन्न हो रहा है। इसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिले शामिल हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक और शिक्षक सीटों को मिलाकर लगभग 3.23 लाख मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर रहे हैं।
जानें कैसे होती है वोटिंग प्रक्रिया?
विधानसभा या लोकसभा चुनाव की तरह इस चुनाव में ईवीएम (EVM) या किसी चुनाव चिह्न के सामने मुहर लगाने की व्यवस्था नहीं होती है।
- मतदाता को मतपत्र पर अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने निर्धारित स्केच पेन से अंक '1' लिखना अनिवार्य होता है।
- इसके बाद अन्य प्रत्याशियों को अपनी वरीयता (Preference) देने के लिए क्रमानुसार '2', '3' और आगे के अंक लिखे जा सकते हैं।
- मतपत्र पर गलत तरीके से अंक दर्ज करने पर वोट अमान्य (Invalid) भी हो सकता है।
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी 27 अक्टूबर को पहड़िया मंडी में वोटों की गिनती कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:00 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी, जिसके बाद दोनों सीटों के विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
