Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: नवाबगंज से विटामिन-ए और आईएफए अभियान का शंखनाद, करीब 4 लाख बच्चों को कुपोषण से बचाने का लक्ष्य

वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल: सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने बच्चों को पिलाई खुराक; एक महीने तक चलेगा विशेष अभियान, एनीमिया पर होगा प्रहार।

Ad

 
hujk
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। जनपद में बच्चों को कुपोषण और एनीमिया (खून की कमी) जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. मुकेश कुमार ने नवाबगंज स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से 'विटामिन-ए सम्पूरण एवं आयरन फोलिक एसिड (IFA) वितरण अभियान' का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सीएमओ ने बच्चों को अपने हाथों से विटामिन-ए की खुराक और आईएफए सिरप पिलाई।

Ad
Ad

यह विशेष स्वास्थ्य अभियान आगामी एक महीने तक पूरे जनपद में पूरी सक्रियता से संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत वाराणसी के कुल 3,92,921 बच्चों को स्वास्थ्य लाभ देने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।

बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए विटामिन-ए जरूरी

भदैनी मिरर से बातचीत के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों के संपूर्ण शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद अनिवार्य है। यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को बढ़ाता है और आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखता है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि शरीर में विटामिन-ए की कमी होने से बच्चों में संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। सीएमओ ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी सत्र स्थलों पर ले जाकर यह खुराक जरूर दिलवाएं।

Ad

 आईएफए सिरप से थमेगा एनीमिया का खतरा

सीएमओ ने आगे जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत विटामिन-ए के साथ-साथ 6 महीने से लेकर 59 महीने तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप भी दिया जा रहा है। यह सिरप बच्चों को एनीमिया (खून की कमी) की गिरफ्त में आने से बचाएगा और उनके समुचित विकास में मददगार साबित होगा।

Ad

"जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और उप-केंद्रों पर विटामिन-ए और आईएफए सिरप की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर और केंद्रों के माध्यम से हर पात्र बच्चे तक पहुंचेंगी।"डॉ. एस.एस. कन्नौजिया, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी

अभियान के शुभारंभ पर उपस्थित रहे जिम्मेदार

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने अभियान को कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। नवाबगंज में आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर डॉ. नवीन सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (ICDS) के अधिकारी, स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी, मुख्य सेविकाएं, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।