Varanasi Visit: 25 अक्टूबर को काशी आ रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महिलाओं से संवाद करेंगे और नमो घाट पर देखेंगे एयर शो
पुलिस लाइन से सड़क मार्ग होते हुए नमो घाट जाएंगे प्रधानमंत्री, वायु सेना के 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो का उठाएंगे लुत्फ
वाराणसी (भदैनी मिरर): देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 अक्टूबर 2026 को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों को मिले आधिकारिक कार्यक्रमों के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह दौरा करीब साढ़े चार घंटे का होगा। इस दौरान वह महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी एक इकाई का निरीक्षण करने के साथ ही भारतीय वायु सेना के भव्य 'एयर शो' के साक्षी बनेंगे।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: सुबह एयरपोर्ट से सीधे खोचवां रवाना
निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:15 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे सड़क मार्ग या निर्धारित बेड़े के जरिए मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद मिल पहुंचेंगे।
यहाँ अरविंद मिल द्वारा स्थापित यूनिट का संचालन विशेष रूप से महिलाओं के हाथों में है। इस यूनिट में करीब 300 प्रशिक्षित महिलाएं काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री इन महिला कामगारों से सीधा संवाद करेंगे और उनके कौशल विकास, रोजगार तथा आत्मकल्याण से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
नमो घाट पर देखेंगे 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो
खोचवां में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर के जरिए पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा वह नमो घाट के लिए प्रस्थान करेंगे। नमो घाट पर उनके स्वागत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहाँ वह भारतीय वायु सेना के बहुप्रतीक्षित एयर शो को देखेंगे। प्रधानमंत्री के मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत की भी तैयारियां की जा रही हैं।
सभी कार्यक्रमों को संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 2:45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से वापस के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
