वाराणसी : सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत के ग्रामीणों ने कोटवां-लहरतारा मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम
गरीब परिवार के 12 वर्षीय बच्चे की मौत से बौखलाये लोग
अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
वाराणसी, भदैनी मिरर। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बालक साहिल की मौत हो गई। गरीब परिवार के इस बच्चे की मौत से बौखलाये लोगों ने शव रखकर वहीं चक्काजाम कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारी ने शासन से आर्थिक मदद दिलाने और दुर्घटना करनेवाले वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मृतक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


छितौनी बंधा निवासी दिनेश प्रजापति का पुत्र साहिल सोमवार रात दस बजे घर से कुछ दूरी पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक मोपेड सवार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में बच्चे की मौत की सूचना पर गांववाले पहुंचे।

उन्होंने शव रखकर कोटवां-लहरतारा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर लोहता थाना पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और दुर्घटना करनेवाले चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ और पुलिस शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज सकी।

