Varanasi: एयर शो के लिए वाराणसी पुलिस की चाक-चौबंद तैयारी; 79 अस्थाई थाने, 3 ग्रीन कॉरिडोर और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू
इमरजेंसी के लिए बने 03 ग्रीन कॉरिडोर; नगर और घाट क्षेत्रों में 79 अस्थाई पुलिस थानों पर तैनात रहेंगे जवान
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए वाराणसी पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने लाखों दर्शकों की उपस्थिति की संभावना को देखते हुए पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा आपात स्थिति और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक खाका तैयार किया है।

जोन के अनुसार पार्किंग और अलग-अलग एंट्री मार्ग
अनावश्यक भीड़ और यातायात जाम से बचने के लिए दर्शक दीर्घा को अलग-अलग जोन में बांटा गया है:
- शहर क्षेत्र के दर्शक: वाराणसी शहर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए गंगा नदी के इस पार (शहर की तरफ) पार्किंग और दर्शन स्थल तय किए गए हैं।
- बाहरी जनपदों के दर्शक: बाहरी जिलों और अन्य क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों के लिए रामनगर-पड़ाव मार्ग की ओर निर्धारित पार्किंग एवं दर्शक स्थलों की व्यवस्था की गई है।
- प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर तैनात पुलिसकर्मी दर्शकों को उनके निर्धारित जोन की ओर मार्गदर्शन देंगे।
आपात स्थिति के लिए 03 ग्रीन कॉरिडोर
एयर शो के दौरान गंभीर मरीजों और आपातकालीन आवागमन के लिए शहर में 03 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं:
-
इन कॉरिडोर के माध्यम से एम्बुलेंस सर सुंदरलाल अस्पताल (IMS-BHU), ट्रॉमा सेंटर BHU, शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल और पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल तक बिना किसी रुकावट के पहुंच सकेंगी।
-
वीवीआईपी आवागमन और आपातकालीन निकासी के लिए वैकल्पिक 'कंटीजेंसी रूट' (Contingency Roads) भी निर्धारित किए गए हैं।
79 अस्थाई पुलिस थानों की स्थापना
सुरक्षा और शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वाराणसी पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है:
-
48 अस्थाई नगर थाने और 31 अस्थाई घाट थाने (कुल 79 अस्थाई थाने) स्थापित किए गए हैं।
-
प्रत्येक अस्थाई थाने पर 1 उपनिरीक्षक (SI) और 4 आरक्षी (Constables) नियुक्त रहेंगे, जिन्हें आसपास के पार्किंग, शौचालय, अस्पताल और पेयजल केंद्रों की पूरी जानकारी रहेगी।
-
हर दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी।
'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी दर्शकों के साथ अत्यंत शालीन, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार करेंगे। दर्शकों को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से सख्ती से बचा जाएगा। भीड़ प्रबंधन में संयम और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
एनसीसी कैडेट्स और वायरलेस से निगरानी
भीड़ प्रबंधन में पुलिस की मदद के लिए एनसीसी (NCC) कैडेट्स और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों की भी ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी पर तैनात जवानों को मोबाइल फोन के अनावश्यक प्रयोग से बचने और त्वरित संचार के लिए वायरलेस सेट का प्राथमिकता से उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
