वाराणसी: स्मार्ट पार्किंग और ट्रैफिक सुधार को लेकर नगर निगम का बड़ा फैसला, निजी पार्किंग शुल्क घटा
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में निजी पार्किंग संचालकों का शुल्क घटाया गया; 20 चौराहों पर बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग और लहरतारा पुल के नीचे होगा सौंदर्यीकरण।
वाराणसी (भदैनी मिरर): बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने, अवैध पार्किंग पर नकेल कसने और ऑटो/ई-रिक्शा चालकों के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम वाराणसी ने कई बड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में आयोजित 'पार्किंग प्रबन्ध समिति' की बैठक में उत्तर प्रदेश नगर निगम (पार्किंग स्थान का सन्निमार्ण, अनुरक्षण और प्रचालन) नियमावली, 2025 के तहत आमजन और पार्किंग संचालकों को बड़ी राहत दी गई है।

निजी पार्किंग संचालकों के शुल्क में भारी कटौती
नगर निगम ने शहर में नई निजी पार्किंग को बढ़ावा देने और संचालकों को राहत देने के लिए फीस का ढांचा घटा दिया है:
-
खुद की जमीन पर पार्किंग संचालन: अब नगर निगम को कुल मासिक आय का 17 प्रतिशत के बजाय केवल 12 प्रतिशत शुल्क ही देना होगा।
-
एग्रीमेंट/किराए की जमीन पर पार्किंग: एग्रीमेंट पर भूमि लेकर पार्किंग चलाने वालों का शुल्क 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दिया गया है।
प्रथम चरण में 5 स्थानों पर बनेगा 'पिक एंड ड्रॉप' ज़ोन
शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कई रूट चिन्हित किए गए हैं। इनमें से प्रथम चरण में 5 प्रमुख स्थलों पर पिक एंड ड्रॉप ज़ोन विकसित किए जाएंगे।

-
किन जगहों को किया गया चिन्हित: इंग्लिशिया लाइन, पाण्डेयपुर-आजमगढ़ रोड, चौकाघाट पुल के पास, आशापुर-सारनाथ रोड, मैदागिन कोतवाली के सामने, पड़ाव, लंका, बसंत कॉलेज के पास राजघाट, कलेक्ट्री फार्म और दुर्गाकुण्ड ऑटो स्टैंड।
-
क्या होंगे नियम: इन पिक एंड ड्रॉप स्थलों पर वाहन केवल यात्रियों को बैठाने या उतारने के लिए रुकेंगे और तुरंत आगे बढ़ जाएंगे। यहां स्थायी रूप से गाड़ी खड़ी करने (पार्किंग) की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी। इसके लिए थर्मोप्लास्ट पेंट और संकेतक बोर्ड (Signboards) लगाए जाएंगे।
20 चौराहों पर जेब्रा पेंटिंग, लहरतारा पुल के नीचे होगा सौंदर्यीकरण
शहर में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए 20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा लाइन और स्टॉप लाइन पेंटिंग कराई जाएगी। इसके अलावा:
-
लहरतारा पुल: लहरतारा पुल के नीचे बस पार्किंग और पुलिस चौकी के आसपास के पूरे क्षेत्र का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
-
आईपी विजया मॉल: भेलूपुर स्थित आईपी विजया मॉल के समीप नई वाहन पार्किंग विकसित करने पर सहमति बनी है।
-
पाण्डेयपुर चौराहा: पाण्डेयपुर चौराहे से सीकड़ लगाकर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
कैंट स्टेशन पर कड़ाई: कैंट रेलवे स्टेशन के सामने ऑटो चालकों द्वारा बेतरतीब वाहन खड़े किए जाने से लग रहे जाम पर समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभावी नियंत्रण के आदेश दिए हैं।
अवैध पार्किंग पर चलेगा चाबुक, ऑटो यूनियनों को 15 दिन की मोहलत
बैठक में नगर आयुक्त ने साफ किया कि बिना नगर निगम की विधिवत अनुमति के कोई भी पार्किंग संचालित नहीं होगी। अवैध संचालन करने वालों को नोटिस जारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों को पूर्व से संचालित स्टैंडों के पास शेड और शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चुनने और नए संभावित ऑटो स्टैंडों के चयन के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार सहित परिवहन विभाग और ऑटो/ई-रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
