Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: एयर शो में BJP जनप्रतिनिधियों की फोटो वाले कथित फर्जी पास पर बवाल

Varanasi News: एयर शो के कथित 'फर्जी पास' पर सियासत गर्माई; भाजपा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने कोतवाली पहुंची कांग्रेस

Ad

 
s
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: काशी के नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो के प्रवेश पास (Passes) को लेकर वाराणसी में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जनप्रतिनिधियों पर एयर शो के नाम पर अपनी तस्वीर लगाकर कथित फर्जी पास बांटने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की।

Ad

सेना के शौर्य पर निजी प्रचार का आरोप, पुलिस को सौंपी तहरीर

कोतवाली थाने में प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देने के बाद महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय सेना का शौर्य, त्याग और पराक्रम पूरे देश की धरोहर है। सेना का सम्मान किसी भी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हो सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि वायुसेना के एयर शो के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों के तहत प्रवेश पास जारी करने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भाजपा जनप्रतिनिधियों ने नियमों को दरकिनार कर अपनी तस्वीरों वाले पास खुद बनवाकर बांटे।

"यदि ये पास सक्षम प्रशासनिक प्राधिकारी द्वारा अधिकृत नहीं थे, तो यह सुरक्षा और जनता के विश्वास के साथ गंभीर खिलवाड़ है। प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पास किसने छापे, किसके निर्देश पर बंटे और क्या इनके माध्यम से लोगों को भ्रमित किया गया।"

— राघवेंद्र चौबे, महानगर अध्यक्ष, कांग्रेस

"सेना के नाम पर फोटो चमकाना दुर्भाग्यपूर्ण"

कांग्रेस नेता ने कहा कि काशी की जनता जागरूक है और वह सेना के सम्मान तथा नेताओं के निजी प्रचार के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है। जनप्रतिनिधियों का असली काम जनता की मूलभूत समस्याओं—जैसे महंगाई, बेरोजगारी और बिजली-पानी की किल्लत—का समाधान करना है, न कि हर सरकारी या सैन्य आयोजन में अपनी तस्वीर लगाकर राजनीतिक लाभ उठाना।

उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन इन पासों के नमूनों और उनके वितरण से जुड़े तथ्यों का बारीकी से सत्यापन करे। यदि जांच में अनधिकृत पास तैयार करने, फर्जीवाड़े या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और आयोजकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।

तहरीर देने वालों में ये प्रमुख नेता रहे शामिल

कोतवाली थाने में तहरीर देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राघवेंद्र चौबे के साथ डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश, रमजान अली, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अब्दुल हमीद डोडे, अनिल पटेल, मिथुन सरकार, बदरे आलम, किशन यादव, शमशाद, गोपाल चौबे, मो. उज्जैर और रामजी गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।