Varanasi to New Delhi: वाराणसी से देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत का कल से होगा शुभारंभ
वाराणसी से देश की दूसरी और यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन कल से भरेगी फर्राटा; सीएम योगी और रेलमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज
भदैनी मिरर रेलवे डेस्क, वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक और ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस (Sleeper Vande Bharat Express) ट्रेन शुक्रवार (31 अक्टूबर) से वाराणसी से नई दिल्ली के बीच पटरी पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से इस अत्याधुनिक वीआईपी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पहले दिन यह ट्रेन 'बनारस' (मंडुवाडीह) स्टेशन से संचालित होगी, जिसके बाद इसका नियमित संचालन वाराणसी जंक्शन से किया जाएगा।
स्लीपर वंदे भारत की खास विशेषताएं
यात्री सुविधाओं के मामले में यह ट्रेन बेहद आधुनिक और विश्वस्तरीय तकनीकों से लैस है:
-
सुरक्षा कवच: यह गाड़ी विश्वस्तरीय HL-3 फायर सेफ्टी और 'कवच' (Kavach) ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम से लैस है।
-
दिव्यांग और महिला अनुकूल: ट्रेन में दिव्यांग यात्रियों के लिए डेडिकेटेड सीटें और टॉयलेट में विशेष 'बेबी सीटर' (Child Seat) की सुविधा दी गई है, जिससे छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाली महिलाओं को सहूलियत होगी।
-
शावर फैसिलिटी: इसके प्रथम श्रेणी (First AC) के कोचों में यात्रियों के लिए नहाने के वास्ते गर्म पानी के शावर की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा दरवाजों पर अत्याधुनिक वॉश बेसिन लगाए गए हैं।
रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज (Schedule)
यह स्लीपर वंदे भारत सप्ताह में छह दिन संचालित होगी (वाराणसी से शुक्रवार और नई दिल्ली से शनिवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा)। यात्रा के दौरान यह ट्रेन कुल चार प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी:
-
वाराणसी से नई दिल्ली (गाड़ी संख्या - 27421):
-
वाराणसी से प्रस्थान: रात 8:50 बजे
-
प्रयागराज: रात 10:35 बजे
-
कानपुर: रात 12:40 बजे
-
अलीगढ़: भोर 3:55 बजे
-
गाजियाबाद: भोर 5:25 बजे
-
नई दिल्ली आगमन: सुबह 6:10 बजे
-
-
नई दिल्ली से वाराणसी (गाड़ी संख्या - 27422):
-
नई दिल्ली से प्रस्थान: रात 9:40 बजे
-
गाजियाबाद: रात 10:13 बजे
-
अलीगढ़: रात 11:20 बजे
-
कानपुर: रात 2:45 बजे
-
प्रयागराज: भोर 5:05 बजे
-
वाराणसी आगमन: सुबह 7:10 बजे
-
वाराणसी को मिली अन्य तीन नई ट्रेनों की सौगात
इस भव्य शुभारंभ के साथ ही वाराणसी को रेलवे की तरफ से तीन अन्य महत्वपूर्ण सौगातें भी मिल रही हैं:
-
वाराणसी-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस: अहमदाबाद से आज नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू हो रही है, जो शनिवार को दिन में 11:40 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, जयपुर और अजमेर होते हुए साबरमती जाएगी।
-
मेमू ट्रेनें: बनारस-प्रयागराज रामबाग और वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच नई मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू होगा, जिनके नए रैक में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं।
-
छपरा-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल: यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 3 से 17 नवंबर के बीच छपरा से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो कैंट स्टेशन से होकर गुजरेगी।
