वाराणसी : परिवार गया शादी में शामिल होने बिहार, चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़ लाखों के माल पर कर दिया हाथ साफ
करीब 13 लाख के आभूषण और डेढ़ लाख नकदी ले गये चोर
अस्पताल कर्मचारी को सौंपी गई थी घर के देखभाल की जिम्मेदारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी बेलवा बाबा, सोयेपुर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने बिहार गया था। लौटने के बाद परिवार वालों को जानकारी हुई। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची।


जानकारी के अनुसार मूल रूप से चंदौली जिले के कमालपुर निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा यहां परिवार के साथ रहते हैं। प्रवीण ऑटो मोबाइल सेक्टर में सेल्स मैनेजर हैं। प्रवीण के अनुसार 10 फरवरी की सुबह वह पत्नी और बेटी के साथ आरा (बिहार) में साली की शादी में शामिल होने गए थे। घर की देखरेख के लिए पड़ोस के एक अस्पताल के कर्मचारी गौतम यादव को सौंपी गई थी। 11 फरवरी की रात 10.40 बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरे पड़़े थे। आलमारी की चाभी खोजकर चोरों ने उसमें रखे सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था।

चोर सोने का कान का झाला, झुमका, नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण ले गये हैं। गृहस्वामी के अनुसार चोर 12 से 13 लाख रुपये के जेवरात और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद ले गये है। उधर, घर की देखभाल की जिम्मेदारी सम्भालने वाले गौतम यादव ने प्रवीण को बताया कि रात दो बजे अस्पताल में इमरजेंसी आने के कारण वह वहां चला गया था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आपको बता दें कि क्षेत्र में यह लगातार चोरी की दूसरी घटना है।

