Varanasi: रिंग रोड संदहा-रेवसा खंड पर रोजाना 12 घंटे रहेगा ट्रैफिक ब्लॉक, घर से निकलने से पहले नोट कर लें समय
गंगा पुल निर्माण के चलते NHAI ने लिया बड़ा फैसला; सायं 08 बजे से प्रातः 08 बजे तक दोनों कैरिजवे रहेंगे बंद
भदैनी मिरर, वाराणसी: वाराणसी में रिंग रोड का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों और आम जनता के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक बेहद जरूरी सूचना जारी की है। रिंग रोड फेज-II, पैकेज-II के अंतर्गत आने वाले संदहा-रेवसा खंड पर गंगा पुल के निर्माण कार्य को गति देने के लिए रोजाना 12 घंटे का पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक (Traffic Block) घोषित किया गया है। यह प्रतिबंध दोनों कैरिजवे (LHS और RHS) पर लागू रहेगा।


रोजाना रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
NHAI वाराणसी के अनुसार, गंगा पुल के लेफ्ट हैंड साइड (LHS) कैरिजवे का शेष निर्माण कार्य इस समय काफी तेज गति से चल रहा है। इस काम को सुरक्षित और तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए राइट हैंड साइड (RHS) कैरिजवे का उपयोग भारी क्रेन, निर्माण मशीनों, उपकरणों और सामग्री को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा है। कार्यस्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर सामान्य यातायात का संचालन करना संभव नहीं है।

यही वजह है कि प्रशासन ने प्रतिदिन सायं 08:00 बजे से प्रातः 08:00 बजे तक इस पूरे पैच पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।
30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा यह आदेश
NHAI ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए यह ट्रैफिक ब्लॉक 30 सितंबर 2026 तक हर रोज रात के समय जारी रहेगा। दिन के वक्त (सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक) यातायात सुचारू रहेगा, लेकिन रात के समय किसी भी वाहन को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

NHAI ने की वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
परियोजना स्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने और जाम की स्थिति से बचने के लिए एनएचएआई ने आमजन से सहयोग की अपील की है। विभाग ने कहा है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान वाहन चालक इस मार्ग पर जाने से बचें। लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जिला प्रशासन और वाराणसी यातायात पुलिस (Traffic Police) द्वारा निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्गों (Alternative Routes) का ही प्रयोग करें। साथ ही, कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
