Varanasi: त्रिनेत्र भवन का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, महिला की समस्या सुन दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश
स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को त्रिनेत्र भवन का निरीक्षण कर शहर की निगरानी व्यवस्था और चल रही परियोजनाओं का जायजा लिया।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शाश्वत त्रिपुरारी (Shashwat Tripurari) ने सोमवार को प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए त्रिनेत्र भवन और काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (Kashi Integrated Command Center) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की निगरानी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और स्मार्ट सिटी के तहत संचालित हो रही विभिन्न परियोजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा।

कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत में नगर आयुक्त और सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी ने काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली और यहां से शहर भर में प्रबंधित की जा रही डिजिटल सुविधाओं व सीसीटीवी निगरानी तंत्र की विस्तृत जानकारी ली।

स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा
कमांड सेंटर के बाद वे वाराणसी स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और शहर में चल रहे विकास कार्यों एवं स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अद्यतन विवरण प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
फरियादी महिला से की बात, दिया तत्काल समाधान का निर्देश
निरीक्षण के उपरांत कार्यालय से बाहर निकलते समय नगर आयुक्त की नजर वहां सीसीटीवी कैमरा फुटेज देखने आई एक महिला फरियादी पर पड़ी। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद महिला से वार्ता की और उनकी पूरी समस्या को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से फरियादी महिला को आवश्यक सीसीटीवी फुटेज दिखाने और उनकी समस्या का त्वरित निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। नवागत नगर आयुक्त की इस कार्यशैली की कार्यालय में मौजूद लोगों ने सराहना की।
