Varanasi: मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक जारी किया भीषण लू का 'रेड अलर्ट'
देश का 7वां सबसे गर्म शहर बनी काशी, मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं, 10 किमी/घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म पछुआ हवाएं
मुख्य संवाददाता, भदैनी मिरर: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी इन दिनों भीषण गर्मी और तपन की चपेट में है। बृहस्पतिवार को वाराणसी 41.7°C तापमान के साथ देश का सातवां सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम यानी 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


काशीवासियों के लिए आने वाले दिन और भी मुश्किल भरे हो सकते हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले 5 से 6 दिनों तक गर्मी के तेवर और तल्ख होने तथा भीषण लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी जारी की है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को बांदा जिला पूरे देश में सबसे गर्म रहा।

पछुआ हवाओं और उमस ने किया बेहाल, 65% तक पहुंची नमी
गुरुवार को सुबह से ही तीखी धूप के साथ करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं (लू) चलती रहीं, जिससे दोपहर के समय राहगीरों और वाहन चालकों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया। हवा में नमी का स्तर (ह्यूमिडिटी) 42 फीसदी से लेकर 65 फीसदी तक दर्ज किया गया, जिसके कारण तीखी धूप के साथ असहनीय उमस ने लोगों को पसीने-पसीने कर दिया।

पूर्वांचल में मानसून की रफ्तार थमी, तापमान में होगी और बढ़ोतरी
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, वर्तमान में उत्तर प्रदेश में मानसूनी परिस्थितियां अनुकूल नहीं दिख रही हैं। प्रदेश में केवल छिटपुट मौसमी सक्रियता देखी जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
बृहस्पतिवार को वाराणसी के अलावा पूर्वांचल के अन्य जिले जैसे गाजीपुर, गोरखपुर और बहराइच भी पूरी तरह से उष्ण लहर (Severe Heat Wave) की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बेवजह घरों से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।
