वाराणसी: आचार्य सीताराम चतुर्वेदी कॉलेज की छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
"नशा मुक्त युवा और विकसित भारत" अभियान के तहत निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने दिलाई शपथ, समाज में जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान "नशा मुक्त युवा और विकसित भारत–संकल्प अभियान" के तहत वाराणसी के डोमरी (रामनगर) स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों से मुक्त कराने की शपथ ली।


कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में हुआ, जहाँ निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा ही देश की असली शक्ति हैं। जब तक देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर नहीं रहेगा, तब तक एक सशक्त और समृद्ध भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल स्वयं तक सीमित न रखें, बल्कि समाज में परिवर्तन का माध्यम बनें।

शपथ ग्रहण के दौरान छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगी, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी।
अभियान को सफल बनाने में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को नशामुक्त करने का दृढ़ संदेश दिया।

