वाराणसी: चौबेपुर में डंपर से कुचलकर छात्रा की मौत, शव सड़क पर रख परिजनों का हंगामा
श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज की छात्रा रोशनी की सड़क हादसे में मौत; पुलिस और नायब तहसीलदार के आर्थिक सहायता के आश्वासन के बाद खुला चंद्रा-बलुआ मार्ग।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा (बिनपुरा) गांव के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल के लिए निकली छात्रा रोशनी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।


विद्यालय जाते समय हुआ हादसा
बार्थरा कला (टड़िया) गांव के निवासी राजेश कुमार की पुत्री रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। जैसे ही वह विशुनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

चंद्रा-बलुआ मार्ग पर शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने जाल्हूपुर बाजार के पास चंद्रा-बलुआ मार्ग पर शव रखकर मुख्य रास्ता जाम कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप था कि हादसे की सूचना मिलने के बाद भी विद्यालय का कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।


पुलिस और प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम
सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और डंपर सहित चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
