Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: 'ऑनलाइन खरीदारी बंद करो, फुटकर दुकानदारों को जीने दो'; वाराणसी में समाजवादी व्यापार सभा ने निकाली पदयात्रा

अखिलेश यादव के आह्वान पर नीचीबाग से मैदागिन तक सड़कों पर उतरे सपाई; आम जनता से की स्थानीय कारोबारियों से खरीदारी की अपील

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर। ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ और स्थानीय फुटकर व्यापारियों के समर्थन में बुधवार (4 नवंबर 2026) को धर्मनगरी वाराणसी की सड़कों पर समाजवादी व्यापार सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मंशा के अनुरूप और राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल की सहमति से प्रदेशव्यापी अभियान के तहत यह "ग्राहक जागरूकता पदयात्रा" निकाली गई।

Ad

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के आह्वान पर आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व वाराणसी जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

नीचीबाग से मैदागिन तक गूंजे स्थानीय व्यापार के समर्थन में नारे

यह पदयात्रा नीचीबाग स्थित डाकघर के सामने से प्रारंभ होकर मैदागिन, मालवीय मार्केट, सप्तसागर, गोविंदपुरा और ठठेरी बाजार जैसे शहर के प्रमुख पारंपरिक बाजारों से होकर गुजरी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर "ऑनलाइन खरीदारी बंद करो! फुटकर दुकानदारों को भी जीने दो" जैसे नारे लिखे हुए थे। पदयात्रा के दौरान पदाधिकारियों ने विभिन्न टोलियां बनाकर दुकानदारों, व्यापारियों और आम ग्राहकों से सीधा संपर्क किया और उनसे ऑनलाइन कंपनियों के बजाय अपने नजदीकी स्थानीय दुकानदारों से ही सामान खरीदने की अपील की।

'स्थानीय बाजारों से खरीदारी से मजबूत होगी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था'

कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन का सीधा और घातक असर छोटे फुटकर दुकानदारों, पारंपरिक बाजारों और उनसे जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका पर पड़ रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे स्थानीय दुकानदार ग्राहकों को बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं देते हैं।

वहीं, प्रदेश सचिव व वाराणसी मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल ने कहा कि ग्राहक केवल सामान का खरीदार नहीं है, बल्कि वह स्थानीय अर्थतंत्र की रीढ़ है। जब कोई ग्राहक अपने क्षेत्र के बाजार से खरीदारी करता है, तो वह पैसा शहर के भीतर ही घूमता है, जिससे नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होते हैं।

व्यापारियों के हितों के लिए जारी रहेगा संघर्ष

जिला संगठन प्रभारी राजकुमार यादव और महानगर संगठन प्रभारी संजीव जायसवाल ने स्पष्ट किया कि संगठन प्रदेश के छोटे और मध्यम व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजारों की रौनक और छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी बचाए रखने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य रूप से सपा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य मोहम्मद दिलशाद अहमद, प्रदेश सचिव रवि जायसवाल, गोपाल चौरसिया (जिला उपाध्यक्ष), धीरज कुमार गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष), मुकेश गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष), रणधीर चौधरी (जिला सचिव), नवीन सिंह, महानगर उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता (युवा व्यापारी प्रतिनिधि) सहित बड़ी संख्या में समाजवादी व्यापार सभा के कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।