वाराणसी: लंका पर दवा दलालों से दुकानदार भी परेशान, पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
वाराणसी:काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल के छोटे गेट पर सक्रिय दवा दलालों की गुंडागर्दी के खिलाफ लंका क्षेत्र के पंजीकृत दवा व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। मरीजों से मारपीट
भदैनी मिरर न्यूज नेटवर्क: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित पूर्वांचल के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र सर सुंदरलाल अस्पताल के छोटे गेट पर सक्रिय दवा दलालों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मरीजों और तीमारदारों के साथ आए दिन होने वाली मारपीट, अश्लील व्यवहार और फर्जी दवाओं के अवैध कारोबार से परेशान होकर लंका क्षेत्र के पंजीकृत दवा व्यापारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। सोमवार को दवा व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी के पुलिस कमिश्नर को एक शिकायती पत्र सौंपकर इन अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।


सुबह 7 बजते ही जमावड़ा, मरीजों से अभद्रता और नशाखोरी
पुलिस कमिश्नर को भेजे गए पत्र में व्यापारियों ने बताया कि अस्पताल के छोटे गेट पर रोजाना सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक तथाकथित दवा दलालों का अवैध जमावड़ा लग जाता है। दूर-दराज से आने वाले असहाय मरीजों और उनके परिजनों को ये दलाल जबरन घेर लेते हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि ये दलाल दिन के समय ही शराब व अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर सार्वजनिक रूप से हुड़दंग मचाते हैं। जब कोई मरीज या स्थानीय नागरिक इनका विरोध करता है, तो ये उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं।

महिला तीमारदारों पर छींटाकशी और फर्जी दवाओं का नेटवर्क
शिकायती पत्र में लंका के दवा विक्रेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया:
-
महिलाओं से असभ्य आचरण: अस्पताल गेट से गुजरने वाली महिला मरीजों और युवती तीमारदारों पर ये दलाल खुलेआम छींटाकशी, अश्लील फब्तियां कसते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे इलाके में भय का माहौल है।
-
मरीजों के जीवन से खिलवाड़: अधिक डिस्काउंट का लालच देकर दलाल मरीजों को गैर-मानक, अमानक या गलत दवाएं थमा देते हैं। गलत दवाओं के सेवन से कई बार मरीजों की तबीयत और बिगड़ जाती है, जिससे उनका जीवन खतरे में पड़ जाता है।
अस्पताल और वैध व्यापारियों की साख पर धब्बा
दवा व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि इन आपराधिक किस्म के दलालों की हरकतों से जहां एक तरफ देश-दुनिया में विख्यात बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल की छवि धूमिल हो रही है, वहीं दूसरी ओर लंका क्षेत्र के वैध, लाइसेंसधारी और पंजीकृत दवा विक्रेताओं का व्यापार और सामाजिक प्रतिष्ठा बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

हाल ही में दवा दलालों और तीमारदारों के बीच हुई हिंसक मारपीट की घटना का हवाला देते हुए व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि छोटे गेट के पास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और इन दलालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

