वाराणसी स्कूल टाइमिंग: जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी स्कूलों का बदला समय
जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से लागू की गई नई समय सारणी
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के समस्त परिषदीय, निजी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए एक बेहद जरूरी और बड़ी खबर है। जिलाधिकारी (डीएम) वाराणसी के निर्देश के क्रम में जनपद के सभी स्कूलों की समय सारणी (School Timing) में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन का समय परिवर्तित कर दिया गया है।


सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे स्कूल: सभी बोर्डों पर नियम लागू
बीएसए कार्यालय द्वारा जारी सरकारी पत्र (पत्रांक: शिविर 6311-20) के मुताबिक, यह नया नियम जनपद वाराणसी में संचालित होने वाले कक्षा 01 से 08 तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त (एडेड) के साथ-साथ सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। नए आदेश के तहत अब सभी स्कूलों के संचालन की समयावधि सुबह 08:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी तय समय के अनुसार ही शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।

शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए कड़े निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
शासनादेश में केवल छात्रों के समय ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी सख्त हिदायत दी गई है। बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने जनपद के सभी स्कूलों के प्रबंधकों, संस्थाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों (प्र०अ०), प्रभारी शिक्षकों, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों को कड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा है, "सभी शिक्षक निर्धारित समयानुसार (सुबह 8 बजे) अनिवार्य रूप से विद्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। स्कूल में उपस्थित होकर अपने शिक्षण कार्य एवं विभागीय दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, किसी भी स्तर पर ढिलाई मिलने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"

इन उच्चाधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रतिलिपि
इस आदेश की प्रतिलिपि (Copy) महानिदेशक स्कूल शिक्षा (उत्तर प्रदेश, लखनऊ), मुख्य विकास अधिकारी (महोदय, वाराणसी), मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक, वाराणसी मण्डल), और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS, वाराणसी) सहित सभी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO नगरक्षेत्र/ग्रामीण) को आवश्यक कार्रवाई और निगरानी हेतु प्रेषित कर दी गई है। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जनहित में इस महत्वपूर्ण सूचना को सभी सम्मानित समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित कराया जाए।
