Varanasi Road Accident: दुबई से लौटे पति को एयरपोर्ट लेने गई पत्नी की दर्दनाक मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती-मोलनापुर के पास हुआ हादसा; गाजीपुर लौट रहे दंपती की कार पलटी
चौबेपुर (वाराणसी / भदैनी मिरर): वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुबई से लौटे पति को एयरपोर्ट से घर ले जा रही महिला की मौत हो गई। अचानक सामने आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में महिला की जान चली गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आईं।

क्या है पूरी घटना?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के तिरछी (दुल्लहपुर) निवासी रामजग चौहान दुबई से नौकरी करके वापस लौटे थे। उनकी 43 वर्षीय पत्नी पन्ना देवी उन्हें रिसीव करने के लिए बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट गई थीं।
गुरुवार देर रात रामजग चौहान और पन्ना देवी चालक अमिताभ चौहान के साथ कार से अपने घर गाजीपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती-मोलनापुर के पास पहुंची, अचानक सामने एक बाइक आ गई। उस बाइक को बचाने के चक्कर में चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और कई बार पलट गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाने के उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा और अनुराग तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल पन्ना देवी और उनके पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरपतपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पन्ना देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति रामजग को मामूली चोटें आईं।
मासूम बेटी के सिर से उठा साया
इस अचानक हुए हादसे के बाद मृतका पन्ना देवी के परिवार में कोहराम मच गया है। उनकी 12 वर्षीय गोद ली हुई बेटी रुचि चौहान के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
चौबेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
