वाराणसी: पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प; 'माई भारत' ने युवाओं को किया जागरूक
'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' राष्ट्रीय समारोह का आयोजन; पूर्व छात्र व युवा आइकॉन सृजन चतुर्वेदी ने साझा किए अनुभव
वाराणसी / भदैनी मिरर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के 'माई भारत' (MY Bharat) संगठन की ओर से वाराणसी स्थित ऐतिहासिक पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" राष्ट्रीय संकल्प समारोह सह "युवा कनेक्ट कार्यक्रम" का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से सैकड़ों विद्यार्थियों को युवा शक्ति, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रभावी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

अनुशासन और नशामुक्ति से ही बनेगा स्वर्णिम भविष्य: प्राचार्य
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विद्यालय के प्राचार्य विशेष्वर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को गर्त में धकेल देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन शैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

माई भारत के उपनिदेशक विकास कुमार सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी असीम ऊर्जा को नशा जैसी सामाजिक बुराइयों में नष्ट करने के बजाय रचनात्मक व राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत का सपना देश की युवा शक्ति के कंधों पर ही टिका है।

पूर्व छात्र व युवा आइकॉन सृजन चतुर्वेदी ने बांटे अनुभव
समारोह में कॉलेज के पूर्व छात्र और युवा आइकॉन सृजन चतुर्वेदी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने स्कूल के दिनों की यादें साझा करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने एक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की युवाओं और जन-कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, विद्यालय के उपप्राचार्य ने भी छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी क्षमताओं का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी विद्यार्थियों और युवाओं ने जीवन भर नशे से दूर रहने तथा एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक के रूप में देश सेवा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक तिवारी ने अपने प्रभावी और व्यवस्थित अंदाज में किया। इस अवसर पर 'माई भारत' के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विकास चौरसिया, स्वयंसेवक अनिल कनौजिया, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
