वाराणसी: विश्वसुंदरी पुल पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार रेलवे कर्मी की मौत
लंका थाना क्षेत्र के मलहिया की घटना; गढ़वा घाट आश्रम जाते समय हुआ हादसा, विश्वसुंदरी पुल पर लगा लंबा जाम
वाराणसी (लंका) / भदैनी मिरर: कमिश्नरेट वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहिया स्थित विश्वसुंदरी पुल पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग और पुल पर काफी देर तक अफरा-तफरी मच गई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

गढ़वा घाट आश्रम जाते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान धर्मेंद्र यादव (45 वर्ष), निवासी चांदपुर (अलीनगर थाना क्षेत्र, जनपद चंदौली) के रूप में हुई है। धर्मेंद्र रेलवे में पेट्रीकार्ड के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम वह अपनी पत्नी गायत्री देवी के साथ मोटरसाइकिल से गढ़वा घाट आश्रम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक विश्वसुंदरी पुल के ऊपर मलहिया के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

चालक ट्रक लेकर फरार, BHU ट्रॉमा सेंटर में पत्नी भर्ती
टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र की मौके पर ही जान चली गई, जबकि बाइक के पीछे बैठी उनकी पत्नी गायत्री गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर ट्रक लेकर भाग निकला।

सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल गायत्री देवी को तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
हादसे के कारण विश्वसुंदरी पुल पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया।
