वाराणसी : गर्भवती की इलाज के दौरान मौत पर हंगामा, परिजनों ने किया तोड़फोड़, हाईवे जाम
मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के भैसा गांव की रहनेवाली थी विनीता राय
शनिवार को कराया गया था भर्ती, सोमवार को हालत बिगड़ी और हो गई मौत
सूचना पर पहुंची तीन थानों की फोर्स, लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा, एक हिरासत में
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवांरोड स्थित सहारा क्लिनिक में गर्भवती महिला की इलाज के हालत बिगड़ने और दूसरे अस्पताल में मौत से बौखलाये परिजनों ने मंगलवार को अस्पताल के पास जमकर हंगामा किया। गुस्साये परिजनों और परिचितों ने क्लीनिक और क्लीनिक संचालक की गाड़ी में तोड़फोड़ की। हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा और यातायात चालू कराया।




जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के भैसा गांव के निवासी हेमंत राय की पत्नी विनीता राय (26) गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा के कारण परिजन पिछले शनिवार को विनीता राय को कछवांरोड स्थित सहारा क्लीनिक लेकर आये। यहां विनीता को भर्ती कर लिया गया। परिजनों ने बताया कि विनीता दो दिन अस्पताल में भर्ती रही। सोमवार की सुबह महिला की हालत ज्यादा खराब हो गई तो अस्पताल के चिकित्सक ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान महिला को दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। विनीता की मौत से गुस्साए परिजनों ने सहारा क्लीनिक और उसके संचालक के स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। देखते ही भीड़ जुट गई और लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।


सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। इस मामले में पुलिस ने हंगामें में शामिल एक युवक को हिरासत में लिया है। हंगामे की सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव व मिर्जामुराद, राजातालाब और कपसेठी थानों की पुलिस पहुंच गई। तब जाकर हालात सामान्य हुआ। एसीपी राजातालाब ने बताया कि मृतक महिला के परिवार के तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि वह तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। हंगामा, तोड़फोड़ और चक्काजाम करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

