वाराणसी: कफ सिरप तस्करी मामले में प्रशांत उपाध्याय पर शिकंजा, 30 अप्रैल तक सरेंडर न करने पर होगी कुर्की
भगोड़े शुभम जायसवाल का 'गुरु' है प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू, पुलिस और SIT की टीमें लगातार दे रही हैं दबिश
Apr 22, 2026, 08:40 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी, भदैनी मिरर। कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार में वांछित और भगोड़े शुभम जायसवाल के गुरु प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कोतवाली पुलिस और SIT ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रशांत ने 30 अप्रैल तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसके मकान और चल-अचल संपत्ति की कुर्की (82/83 CRPC) कर ली जाएगी।
मददगारों पर भी SIT की पैनी नजर
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बिरदोपुर (शंकरपुरी कॉलोनी) निवासी प्रशांत उपाध्याय फिलहाल मड़ौली की सेंट जांस कॉलोनी में रह रहा था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह फरार है। SIT के अनुसार, प्रशांत को गोपनीय तरीके से संरक्षण देने वालों और उसकी मदद करने वालों की कुंडली भी तैयार की जा रही है। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली है कि वह अपने कुछ रिश्तेदारों के माध्यम से कचहरी के अधिवक्ताओं के संपर्क में है।


डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी है और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशांत की फर्म से ही शुभम ने सीखी थी 'हेराफेरी'
SIT की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मड़ौली निवासी प्रशांत उपाध्याय पिछले 6 वर्षों से नारकोटिक्स दवाओं के अवैध धंधे में लिप्त था। मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल ने प्रशांत की दुकान पर ही काम करते हुए दवाओं के अवैध व्यापार और कागजी हेरफेर के गुर सीखे थे।

जांच में सामने आए मुख्य तथ्य:
- प्रशांत ने ही शुभम की मुलाकात बड़े दवा सप्लायरों से कराई थी।
- शुरुआती दौर में धंधे में पूंजी भी प्रशांत ने ही लगाई थी।
- शुभम ने प्रशांत के मॉडल पर ही बेरोजगार युवाओं की एक 'फौज' खड़ी की, जिन्हें फर्जी जीएसटी और बैंक खातों के जरिए हर माह 25 से 30 हजार रुपये दिए जाते थे।
रोहित और आजाद के खिलाफ चार्जशीट तैयार
इस मामले में रामनगर पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी रोहित यादव और आजाद जायसवाल के खिलाफ सूजाबाद चौकी प्रभारी शिवम सोनी ने चार्जशीट (आरोप पत्र) तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

