Varanasi: बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विवाद पर गरमाई सियासत, दुकानदारों के समर्थन में उतरे सपाई
नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों का धरना, हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी का लगाया आरोप।
वाराणसी: वाराणसी के चर्चित बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मामले को लेकर अब सियासत पूरी तरह गरमा गई है। नगर निगम की कथित मनमानी और कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय दुकानदारों ने मोर्चा खोलते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। दुकानदारों के इस विरोध-प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे यह मामला प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।


हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
धरना दे रहे दुकानदारों और डॉ. रविंद्र शाह ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नगर निगम हाईकोर्ट के निर्देशों की लगातार अनदेखी कर रहा है। डॉ. रविंद्र शाह ने जानकारी दी कि माननीय उच्च न्यायालय ने 21 तारीख को मौके की जांच के लिए एक कमीशन नियुक्त किया है, जिसकी रिपोर्ट 28 तारीख तक आनी है और इस मामले पर अगली सुनवाई 30 तारीख को तय है।
दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम ने अदालत में दो अलग-अलग पत्र देकर दुकानों की स्थिति के संबंध में विरोधाभासी जानकारियां दी हैं। इसके बावजूद, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही दुकानों को हटाने के लिए मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है, जो पूरी तरह अनुचित है।
"विकास के विरोधी नहीं, लेकिन बातचीत जरूरी"
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी विकास कार्य के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे छह से आठ महीने पहले ही इस संबंध में लिखित सहमति दे चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी शिफ्टिंग, किराया, और मुआवजे जैसे बेहद संवेदनशील मुद्दों पर दुकानदारों से किसी भी तरह की सीधी बातचीत करने से बच रहे हैं।
2016 से 'सिकमी' के नाम पर वसूली का भी मुद्दा
धरने के दौरान दुकानदारों ने पुराने भ्रष्टाचार और मनमानी का भी पर्दाफाश किया। डॉ. रविंद्र शाह ने साल 2016 से 'सिकमी' के नाम पर व्यापारियों से 10-10 हजार रुपये जमा कराए जाने का गंभीर मुद्दा उठाया। दुकानदारों का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम जमा कराने के बावजूद आज तक इस पर प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब या संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है।
सपा नेताओं का समर्थन और प्रशासनिक रुख
मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी के नेता दुकानदारों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। सपाईयों ने दुकानदारों को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है। वहीं, दुकानदारों ने नगर निगम से तत्काल बल प्रयोग और कार्रवाई रोकने तथा उनकी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान निकालने की पुरजोर मांग की है।
फिलहाल, बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास तनाव और राजनीतिक सरगर्मी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी पैनी नजर बनाए हुए है।
