Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: पुलिसकर्मी का बेटा निकला फर्जी दरोगा, पुलिस ने भेजा जेल

वाराणसी के पांडेयपुर में बाटा शोरूम के पास पुलिस से उलझना पड़ा भारी, फर्जी पुलिस और मीडिया का आईकार्ड हुआ था बरामद 

Ad

 
News
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर)। शहर के पांडेयपुर इलाके में मंगलवार की रात स्कार्पियो गाड़ी के साथ फर्जी दरोगा बनकर पुलिस पर धौंस जमाना एक युवक को भारी पड़ गया। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने फर्जीवाड़े और जालसाजी का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी खुद एक पुलिसकर्मी (दीवान) का बेटा है।

Ad

ट्रैफिक जाम हटाने पर पुलिस से उलझा

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान पांडेयपुर स्थित बाटा शोरूम के पास एक स्कार्पियो गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी पाई गई, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।

Ad

जब गश्ती टीम ने चालक को वाहन किनारे करने के लिए कहा, तो उसने खुद को दरोगा बताते हुए रोब झाड़ना शुरू कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को दरोगा का एक पहचान पत्र (आईकार्ड) भी दिखाया।

पुलिस की कड़ाई पर दिखाया फर्जी मीडिया कार्ड

युवक के संदिग्ध व्यवहार को देखकर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह अपनी बात से पलटने लगा। इसके बाद पुलिस उसे स्कार्पियो समेत लालपुर-पांडेयपुर थाने ले आई।

Ad

थाने में गहनता से जांच करने पर पता चला कि दरोगा का पहचान पत्र पूरी तरह से फर्जी है। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने तुरंत खुद को पत्रकार बताते हुए एक फर्जी मीडिया पहचान पत्र भी दिखा दिया। हालांकि, पुलिस की सख्त छानबीन में उसकी यह चालाकी भी पकड़ी गई।

पिता और चाचा भी हैं पुलिस महकमे में

लालपुर-पांडेयपुर थाना इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अनुभव आनंद पांडेय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंदौली जिले के धानापुर (डेढ़वलिया शहीद गांव) का रहने वाला है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता पवन पांडेय आजमगढ़ जिले में दीवान (हेड कांस्टेबल) के पद पर तैनात हैं, जबकि उसके चाचा भी पुलिस महकमे में कार्यरत हैं। आरोपी अपने पिता और परिजनों के पद का फायदा उठाकर फर्जी आईकार्ड के सहारे लोगों और पुलिस पर धौंस जमाया करता था।

लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को सीज कर दिया गया है।