Varanasi: चोलापुर थाने में पुलिस-प्रेस संवाद कार्यक्रम, थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने अपराध रोकथाम और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर की चर्चा
प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और यूट्यूबर पत्रकारों के साथ हुई बैठक, क्षेत्र में शांति व्यवस्था, सड़क हादसों और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने को लेकर मांगा सहयोग
वाराणसी (भदैनी मिरर): क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के उद्देश्य से गुरुवार दोपहर चोलापुर थाने में पुलिस और पत्रकारों के बीच सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह की अध्यक्षता में दोपहर करीब 1:00 बजे हुए इस पत्रकार परिचय कार्यक्रम में चोलापुर क्षेत्र के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और यूट्यूबर पत्रकारों ने हिस्सा लिया।

त्वरित सूचनाओं के लिए नंबरों का आदान-प्रदान
कार्यक्रम की शुरुआत में थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने अपना परिचय दिया और उपस्थित सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया गया, जिससे क्षेत्र की किसी भी महत्वपूर्ण या संवेदनशील घटना की सूचना तत्काल साझा की जा सके।
अपराध रोकथाम, सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर मंथन
बैठक के दौरान चोलापुर थाना क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखने, बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सड़क हादसों को रोकने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच मजबूत तालमेल से अपराधों की रोकथाम में काफी मदद मिलती है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय समस्याओं से कराया अवगत, सहयोग का आश्वासन
संवाद के दौरान पत्रकारों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जमीनी मुद्दों से थानाध्यक्ष को अवगत कराया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रामाश्रय मिश्रा, महेश मिश्रा, अजय सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, रिंकू सिंह, मनोज जायसवाल, अभय यादव, जयंत कुमार सिंह, राजकुमार मिश्रा, अर्पित सिंह, राजेश सेठ, अजय चौबे और रामेश्वर गिरी सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
