Varanasi Police Good Work: दुर्गाकुंड चौकी पुलिस का डबल धमाका, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं के खोए मोबाइल चंद घंटों में ढूंढे
बनारस पुलिस की 'सुपरफास्ट' कार्रवाई: दुर्गाकुंड दर्शन करने आए बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं के गुम हुए मोबाइल चंद घंटों में बरामद; चौकी प्रभारी रंजीत कुमार की हर तरफ तारीफ
वाराणसी, भदैनी मिरर ब्यूरो: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ और मां दुर्गा के दर्शन करने आ रहे देश भर के श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए वाराणसी पुलिस कितनी मुस्तैद है, इसका एक बेहतरीन उदाहरण शनिवार (13 जून) को भेलूपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिला। दुर्गाकुंड पुलिस चौकी ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर 'मित्र पुलिस' की परिभाषा को सच कर दिखाया है।


चौकी प्रभारी रंजीत कुमार श्रीवास्तव और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों ने भी जमकर सराहना की है।
पहला मामला: आंध्र प्रदेश की महिला का मोबाइल 2 घंटे में मिला
पहला मामला आंध्र प्रदेश के जिला विजयनगरम (पार्वतीपुरम क्षेत्र) का है। यहाँ की निवासी महिला श्रद्धालु मंगममा श्रीनिवास्तू वाराणसी भ्रमण और दर्शन के लिए आई हुई थीं। इस दौरान उनका कीमती मोबाइल फोन अचानक कहीं गुम हो गया। अंजान शहर में मोबाइल खो जाने से महिला बेहद परेशान हो गईं और रोते-बिलखते दुर्गाकुंड चौकी पहुंचीं।

-
CCTV और सर्विलांस का सहारा: सूचना मिलते ही दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी रंजीत कुमार श्रीवास्तव और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया।
-
महज 2 घंटे में रिकवरी: पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी व मानवीय प्रयासों (लोकेशन ट्रेसिंग) के जरिए मात्र दो घंटे के भीतर महिला का खोया हुआ मोबाइल सकुशल ढूंढ निकाला।
दूसरा मामला: छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु को 4 घंटे में सुपुर्द किया फोन
वहीं, दूसरा मामला छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले का है। यहाँ के बहराभाग (थाना धूमका) निवासी श्रद्धालु प्राची संतोष कुमार वर्मा (पुत्र रविलाल) अपने परिजनों के साथ मां दुर्गा के दर्शन करने दुर्गाकुंड आए थे। दर्शन करने के बाद जब वह बाहर निकले तो उनका मोबाइल कहीं गिर गया।

पुलिस की सक्रियता: जब पीड़ित ने इसकी सूचना दुर्गाकुंड चौकी पर दी, तो चौकी प्रभारी रंजीत कुमार श्रीवास्तव और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार सिंह की टीम एक बार फिर एक्टिव मोड में आ गई। टीम ने अथक प्रयास करते हुए मात्र 4 घंटे के भीतर मोबाइल फोन को ढूंढ निकाला और प्राची संतोष कुमार वर्मा को सुपुर्द कर दिया।
श्रद्धालुओं ने नम आंखों से जताया वाराणसी पुलिस का आभार
अपने खोए हुए मोबाइल इतनी जल्दी वापस पाकर दोनों ही राज्यों के श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने वाराणसी पुलिस, विशेषकर दुर्गाकुंड चौकी की कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
