वाराणसी पुलिस महकमे में फेरबदल: काशी जोन की 7 चौकियों को मिले नए प्रभारी, देखें पूरी लिस्ट
भेलूपुर में बेहतर काम का दरोगा हिमांशु मिश्रा को मिला इनाम, बने ब्रम्हनाल चौकी प्रभारी
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी कमिश्नरेट के काशी जोन की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस उपायुक्त (DCP) काशी जोन, गौरव वंशवाल ने तत्काल प्रभाव से जोन के अंतर्गत आने वाली 7 प्रमुख पुलिस चौकियों पर नए प्रभारियों की तैनाती कर दी है। इस फेरबदल में जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रमोट कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, वहीं कुछ के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।


कानून व्यवस्था मजबूत करने पर दारोगा हिमांशु मिश्रा को मिला इनाम
इस तबादला सूची में सबसे प्रमुख नाम भेलूपुर थाने के अंतर्गत दुर्गाकुंड चौकी पर लंबे समय से तैनात सेकेंड अफसर दरोगा हिमांशु मिश्रा का है। दुर्गाकुंड जैसे अति संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में सराहनीय भूमिका निभाने के कारण उच्चाधिकारियों ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है। शानदार ट्रैक रिकॉर्ड का इनाम देते हुए DCP काशी जोन ने हिमांशु मिश्रा को थाना चौक के अंतर्गत आने वाली महत्वपूर्ण ब्रम्हनाल चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया है।

इन चौकियों के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में हुआ बदलाव
प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यकुशलता को देखते हुए काशी जोन की अन्य चौकियों में भी फेरबदल किया गया है। चौक थाने की पियरी चौकी के प्रभारी रहे दरोगा संदीप कुमार सिंह को अब चौकाघाट चौकी का प्रभारी बनाया गया है। जैतपुरा थाने की चौकाघाट चौकी पर तैनात रहे दरोगा प्रशांत शिवहरे को अब पियरी (चौक) चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। आदमपुर थाने की मच्छोदरी चौकी के प्रभारी रहे दरोगा भृगुपति त्रिपाठी को सिगरा थाने की नगर निगम चौकी का प्रभारी बनाया गया है। थाना चौक की ब्रम्हनाल चौकी के प्रभारी रहे दरोगा अभिषेक कुमार त्रिपाठी को अब मच्छोदरी (आदमपुर) चौकी की कमान सौंपी गई है।

लाइन और जोन से आए अफसरों को मिली जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, थाना कोतवाली से अटैच रहे दरोगा अंकित कुमार सिंह को उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए गायघाट (कोतवाली) चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अब तक गायघाट चौकी के प्रभारी रहे दरोगा राजकुमार को वहां से हटाकर थाना कोतवाली से अटैच (संबद्ध) कर दिया गया है। इसके अलावा, काशी जोन में अपनी सेवाएं दे रहे दरोगा विकास पांडेय को जैतपुरा थाने के अंतर्गत आने वाली सरैया चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
DCP काशी जोन गौरव वंशवाल ने सभी नवनियुक्त चौकी प्रभारियों को तत्काल अपने नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार संभालने और क्षेत्र में गश्त व जनसुनवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से क्षेत्र में पुलिसिंग और मजबूत होगी।
