वाराणसी: सीएचसी में मरीज के रिश्तेदारों ने पी शराब, डॉक्टरों-स्टाफ से हाथापाई और हंगामा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र की घटना; मना करने पर मजदूरों और अधीक्षक से उलझे शराबी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
वाराणसी (चौबेपुर) / भदैनी मिरर: वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में गुरुवार शाम मरीज के परिजनों और उनके रिश्तेदारों के दुस्साहस का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती मरीज का हाल-चाल लेने पहुंचे रिश्तेदारों ने परिसर की दूसरी मंजिल पर बैठकर शराब पीना शुरू कर दिया। मना करने पर आरोपियों ने डॉक्टरों, स्टाफ नर्स और मजदूरों के साथ हाथापाई करते हुए जमकर हंगामा किया।

सूचना पर पहुंची चौबेपुर थाना पुलिस ने मौके से तीन उपद्रवियों को धर दबोचा और उनका चालान कर दिया।
मरीज का हाल पूछने आए थे, अस्पताल में छलकाने लगे जाम
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पूरनपट्टी निवासी राजकुमारी पत्नी रामसूरत को टाइफाइड होने पर बुधवार को नरपतपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। गुरुवार शाम करीब 8:00 बजे बनकट गांव निवासी उसके कुछ रिश्तेदार मरीज का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि मरीज से मिलने के बाद सभी आरोपी अस्पताल भवन के दूसरे तल पर चले गए और वहां खुलेआम शराब पीने लगे। परिसर में सुंदरीकरण के कार्य में लगे मजदूरों ने जब उन्हें अस्पताल में शराब पीने से मना किया, तो आरोपी उनके साथ मारपीट पर उतारू हो गए।

डॉक्टरों व स्टाफ से हाथापाई, दर्जनों साथियों को बुलाकर हंगामा
हंगामे की सूचना मिलने पर सीएचसी अधीक्षक ने सभी को नीचे बुलाया और समझाने का प्रयास किया। इसी बीच बनकट और चूहरपुर से आरोपियों के दर्जनभर साथी भी अस्पताल परिसर में जुट गए।
आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात अधीक्षक डॉ. राजनाथ राम, डॉ. रघुवंश यादव, डॉ. हर्षित यादव, चौकीदार उदय और स्टाफ नर्स बिंदु देवी के साथ अभद्रता व हाथापाई करते हुए भारी बवाल शुरू कर दिया। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार, शांतिभंग में चालान
स्थिति बिगड़ने पर सीएचसी अधीक्षक ने तत्काल चौबेपुर पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस बल के पहुंचते ही उपद्रवी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों— रामअवतार राम, रमेश कुमार (पुत्र पुनवासी) और अजीत कुमार (पुत्र रामअवतार) को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कानूनी कार्रवाई कर चालान कर दिया गया है।
