वाराणसी: आर्केस्ट्रा की डांसर को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, दो बार गर्भपात का भी आरोप
लिव-इन-रिलेशनशिप में रहे चार साल, धर्म परिवर्तन के आरोप की पुलिस कर रही जांच
वाराणसी। मिर्जामुराद में एक बार फिर शादी का झांसा देकर धर्मांतरण कराने के दबाव का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। भदोही निवासी एक पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोपियों पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।



जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के एक गांव निवासिनी पीड़िता शादी-विवाह में डांस आदि का काम करती है। आरोप है कि काम के सिलसिले में वह कछवा चौराहा स्थित सोनी आर्केस्ट्रा के संपर्क में आई थी, जिसका संचालन (मिर्जामुराद) छतेरी मानापुर निवासी समशेर अली करता है। वहीं पर उसकी मुलाकात समशेर के छोटे भाई गुलजार अहमद से हुई। आरोप है कि गुलजार ने भविष्य में शादी करने का वादा कर उसे अपने साथ रखा। दोनों पिछले चार सालों से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसने आर्केस्ट्रा से जो भी कमाई की, वह सब गुलजार ले लेता था। आरोप यह भी है कि इस अवधि में वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन गुलजार ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। शराब के नशे में उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।
धर्मांतरण की शर्त और घर से निकाला


जब पीड़िता ने शादी की लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शंका होने पर पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, जहां गुलजार के भाई समशेर अली, उसकी पत्नी और अन्य परिजनों ने साफ कह दिया कि पहले अपना धर्म बदलकर उनके धर्म में शामिल होना होगा, तभी शादी संभव होगी। पीड़िता के विरोध करने पर परिजनों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया।
पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार
मामले में पीड़िता ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। वही इस मामले में थाना प्रभारी मिर्जामुराद गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है दोषी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
