वाराणसी : गणतंत्र दिवस पर वाराणसी पुलिस की महिला सशक्तिकरण थीम पर होगी ऐतिहासिक परेड
देखने को मिलेगी नारी शक्ति, साहस और अनुशासन की जीवंत झलक
वाराणसी, भदैनी मिरर। गणतंत्र दिवस 2026 पर इस बार काशी एक ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बनेगी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी इस वर्ष महिला सशक्तिकरण की थीम पर भव्य परेड आयोजित करने जा रहा है। इसमें नारी शक्ति, साहस और अनुशासन की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और आयोजन को गरिमामय, अनुशासित और प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए।




इस भव्य परेड में महिला सशक्तिकरण आधारित झांकियां शामिल होंगी। साथ ही महिला ब्लैक कमांडोज़ और महिला घुड़सवार टुकड़ी भी मार्च करती नजर आएंगी, जो नारी शक्ति के आत्मविश्वास और साहस का प्रतीक होंगी। इसके अलावा परेड कमांडर, महिला शक्ति केंद्र की प्रभारी महिला उप निरीक्षक और वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में 26 जनवरी को शाम 4 बजे पुलिस आयुक्त के आवास पर सम्मान भोज आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे परेड में शामिल महिला पुलिसकर्मियों के लिए फिल्म “ठवतकमत-2” का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे उनका उत्साह और मनोबल और बढ़े। कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश केंद्र में रहेगा। नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक और सशक्त संदेश देने की तैयारी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ड्रिल, टर्न-आउट, अनुशासन और आचरण का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि परेड के दौरान गरिमा और अनुशासन के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाय। इस अवसर पर डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लाइन वैभव बांगर, एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, एडीसीपी/एसीपी लाइन डॉ. ईशान सोनी, एसीपी मानसी दहिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी रहे।

