
वाराणसी : लो अब विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला भूमि पर ही होने लगा कब्जा
कहीं खोल दी गई भूसा मंडी तो कहीं बना दिया गिट्टी-बालू का गोदाम




रामनगर दुर्ग के सुरक्षा अधिकारी ने दी थाने में तहरीर
वाराणसी, भदैनी मिरर। ऑल इंडिया काशी राज ट्रस्ट की संपत्ति और रामनगर ऐतिहासिक विश्व प्रसिद्ध रामलीला भूमि पर अनाधिकृत रूप से गिट्टी-बालू का भंडारण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में रामनगर दुर्ग के सुरक्षा अधिकारी कैप्टन राजेश कुमार शर्मा ने थाने में तहरीर दी है।

बताया जाता है कि स्थानीय पंपासर के आसपास जहां रामलीला का मंचन होता है, वहां की पूरी भूमि पर गिट्टी एवं बालू के भंडारण की सूचना मिलते ही दुर्ग प्रशासन के होश उड़ गए। किले के सुरक्षा अधिकारी कैप्टन राजेश शर्मा ने बताया कि यह भूमि ऑल इंडिया काशीराज ट्रस्ट की संपत्ति है और पूर्व में कभी भी इस भूमि पर गिट्टी बालू भंडारण की अनुमति दुर्ग प्रशासन द्वारा नहीं दी गई है। पूर्व में किले के कर्मचारी मौके पर जाकर पिछले दिनों चेतावनी देकर आए थे। इसके बाद भंडारण करने वाले लोगों ने कहां था कि यह अस्थाई रूप से रखा गया है, इसे हटा लिया जाएगा।


इस सम्बंध में दुर्ग प्रशासन द्वारा पूर्व में पुलिस प्रशासन को लिखित रूप से शिकायत भी की थी। इन दिनों पंचवटी के आसपास जो भी रामलीला भूमि है। उस पर अवैध अतिक्रमण बढ़ता चला जा रहा है। चर्चा है कि किले के ही एक कर्मचारी की संलिप्तता एवं मुख्य भूमिका की वजह से रामलीला भूमि पर अतिक्रमण कर अनाधिकृत रूप से कब्जा बढ़ता चला जा रहा है। इसकी सूचना कुंवर अनंत नारायण तक पहुंच ही नहीं पाती। पंचवटी स्थित रामलीला भूमि पर संचालित अवैध भूसा मंडी प्रकरण के बाद दुर्ग प्रशासन सतर्क हो गया है।

ऑल इंडिया काशीराज ट्रस्ट की संपत्ति पर अतिक्रमण और कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही करने के साथ ही रामलीला भूमि से अवैध अतिक्रमण एवं कब्जा हटाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। एडवोकेट प्रवीण कुमार गुप्ता का कहना है कि विश्व प्रसिद्ध रामलीला मंचन की भूमि पर अवैध अतिक्रमण और कब्जा दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे लाखों रामलीला प्रेमियों की आस्था पर इस कृत्य से ठेस पहुंच रहा है।

