Varanasi: एयर शो के चलते बाबतपुर एयरपोर्ट पर लागू हुआ 'NOTAM'; रोजाना 3 घंटे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ पर पाबंदी
19 से 26 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगा प्रतिबंध; एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित
वाराणसी (भदैनी मिरर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो के मद्देनजर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर विमानों के संचालन को लेकर विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। वायु सेना के अभ्यास और एयर शो के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी किया गया है।

इसके तहत 19 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच (यानी 3 घंटे तक) यात्री विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
कई उड़ानें प्रभावित, कुछ रद्द तो कई हुईं रीशेड्यूल
इस समयावधि में विमानों के संचालन पर रोक के कारण देश के विभिन्न शहरों के लिए जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं:
-
एयर इंडिया एक्सप्रेस: वाराणसी से मुंबई, बेंगलुरु, शारजाह और दिल्ली जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
-
इंडिगो एयरलाइंस: वाराणसी-हैदराबाद, वाराणसी-बेंगलुरु और वाराणसी-पुणे समेत कई अन्य उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। इसके अलावा, इंडिगो की तीन उड़ानों के रद्द किए जाने की भी सूचना है।
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित एयरलाइंस की ओर से उनके मोबाइल नंबरों पर मैसेज भेजकर उड़ानों में हुए बदलाव की जानकारी पहले ही दी जा रही है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर गरजे तेजस और सूर्य किरण विमान
उधर, शनिवार को एयर शो के मद्देनजर बाबतपुर एयरपोर्ट पर भी विशेष हलचल देखने को मिली। एयरपोर्ट से भारी गड़गड़ाहट के साथ दो तेजस (Tejas) लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी। इसके कुछ देर बाद सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के पांच ट्रेनर विमान एक साथ एयर शो के निर्धारित स्थल के लिए रवाना हुए। आधुनिक लड़ाकू और ट्रेनर विमानों की इस आवाजाही को देखने के लिए एयरपोर्ट परिसर और आसपास के लोगों में काफी उत्सुकता दिखी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि वे इन दिनों यात्रा कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से संपर्क कर अपनी उड़ान का ताजा समय (Flight Schedule) अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
