Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi News: बेटी को घुमाने निकले पिता की दर्दनाक मौत

वाराणसी के सूजाबाद में दर्दनाक हादसा; वाहन में उतरा करंट, बच्ची को सुरक्षित निकाला गया पर चालक ने तोड़ा दम, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप।

Ad

 
dzf
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर वाराणसी डेस्क: वाराणसी के सूजाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। अपनी नन्हीं बेटी को वाहन में लेकर घुमाने निकले 35 वर्षीय मैजिक चालक विष्णु साहनी सड़क पर लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। वाहन में करंट उतरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

Ad

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

hbuट्रैक्टर को साइड देते समय हुआ हादसा, बच्ची बाल-बाल बची

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूजाबाद निवासी विष्णु साहनी सुबह अपने मैजिक वाहन से अपनी छोटी बेटी रियांसी को घुमाने निकले थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर को पास (Side) देने के लिए जैसे ही उन्होंने वाहन को पीछे किया, ऊपर लटक रहा बिजली का तार मैजिक के संपर्क में आ गया।

तार छूते ही पूरे वाहन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया और विष्णु उसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे की मदद से तार को ऊपर किया और बच्ची रियांसी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद विष्णु को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटियों (रियांसी और गुड़िया) को छोड़ गए हैं।

एक साल पहले भी हुआ था हादसा, शिकायतों के बाद भी नहीं बदला तार

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस तार से यह हादसा हुआ, वह 100 से 150 मीटर दूर स्थित ट्रांसफार्मर से मनमाने तरीके से खींचा गया था और काफी समय से नीचा होकर लटक रहा था।

  • पुराना हादसा: क्षेत्रवासियों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी इसी जगह लटक रहे तार की चपेट में आकर बारात में शामिल कई लोग झुलस गए थे।

  • अधिकारियों की बेरुखी: बार-बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने इसे दुरुस्त नहीं कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि अब अधिकारी इस मामले को 'निजी तार' बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

कार्रवाई का मिला आश्वासन

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर जांच बैठाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में थाना अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ (SDO) मनोज कश्यप ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा।