Varanasi News: लखनऊ में एसएससी की तैयारी कर रही वाराणसी के भोजूबीर की युवती का फंदे से लटका मिला शव
दो महीने पहले गई थी लखनऊ, हर एंगल पर पुलिस कर रही जांच
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित विष्णुनगर कॉलोनी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वाराणसी के भोजूबीर इलाके की रहने वाली 20 वर्षीय सांभवी उर्फ शुभी का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार और वाराणसी स्थित पैतृक आवास पर कोहराम मच गया।

दो महीने पहले ही लखनऊ गई थी तैयारी करने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांभवी पिछले दो महीनों से लखनऊ में रहकर एसएससी (SSC) परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह सरोजनीनगर की विष्णुनगर कॉलोनी स्थित एक मकान में किराए पर रहती थी। बताया जा रहा है कि वह अपने एक मित्र ऋषभ मिश्रा के साथ उसी मकान में रहती थी, जबकि उसके गांव का एक अन्य युवक हर्ष भी पास के ही दूसरे कमरे में रहता था।
पूरा दिन नहीं खुला दरवाजा, पड़ोसियों ने दी सूचना
मंगलवार पूरे दिन सांभवी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। जब काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो बगल के कमरे में रहने वाले हर्ष ने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उसने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची सरोजनीनगर थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर सांभवी का शव फंदे पर लटक रहा था। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट (Suicide Note) बरामद नहीं हुआ है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस अप्रत्याशित और दर्दनाक हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, सांभवी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब उसकी मां, एक भाई और एक बहन हैं। इकलौती बहन और बेटी के इस तरह दुनिया से चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
