Varanasi News: चौबेपुर में चोरों का आतंक, जमशेदपुर में रह रहे टाटा कर्मी के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण और नकदी पार
झांझूपुर गांव में हुई घटना; मकान बंद देखकर चोरों ने गेट का ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
चौबेपुर (वाराणसी / भदैनी मिरर): वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के झांझूपुर गांव में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार की रात चोरों ने एक सूने और बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। शुक्रवार को घटना की जानकारी होने पर इलाके में सनसनी फैल गई।

क्या है पूरा मामला?
झांझूपुर निवासी दीनदयाल तिवारी झारखंड के जमशेदपुर में टाटा कंपनी में कार्यरत हैं और अपने पूरे परिवार के साथ वहीं रहते हैं। उन्होंने अपने गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय के समीप सिवान में मकान बनवाया है, जो आमतौर पर बंद ही रहता है।
गुरुवार रात को मौका पाकर चोरों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। चोर घर के अंदर रखे बक्से और अलमारी को खंगालते हुए वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोगों ने मकान का ताला टूटा देखा, तो इसकी सूचना तुरंत मकान मालिक और चौबेपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की सुरागकशी में जुट गई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
