Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi News: वरुणा नदी में डूबकर किशोर की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप; किया सड़क जाम

लोहता के अयोध्यापुर में घटना के बाद बवाल, चक्का जाम के दौरान टूटा थानाध्यक्ष की गाड़ी का शीशा; एनडीआरएफ ने निकाला शव

Ad

 
Lohta
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के अयोध्यापुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। वरुणा नदी में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी।

Ad
Ad

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा किशोर

जानकारी के अनुसार, हैबतपुर गांव निवासी आकाश (13) अपने दोस्तों दिव्यांशु, पांचू, आदित्य और अंकुश के साथ वरुणा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।

Ad

एनडीआरएफ ने निकाला शव

सूचना मिलते ही लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने गहरे पानी से किशोर का शव बाहर निकाला।

शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।

आरोप: दोस्तों ने जानबूझकर डुबोया

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आकाश के साथ गए दोस्तों ने ही उसे जानबूझकर डुबोकर मार डाला। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

Ad

सड़क जाम और हंगामा

आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शाम करीब 6 बजे अयोध्यापुर तिराहे पर पहुंचे और लहरतारा-कोटवा मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस वाहन पर पथराव

हंगामे के बीच किसी अज्ञात शख्स ने पुलिस वाहन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे थानाध्यक्ष की गाड़ी का शीशा टूट गया।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।