Varanasi News: देव दीपावली पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर सपा ने उठाई स्वास्थ्य सुरक्षा की मांग
देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपा है। सपा नेताओं ने प्रमुख घाटों पर पर्याप्त एंबुलेंस, जीवनरक्षक दवाएं और मेडिकल कैंप लगाने की मांग की है।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): देव दीपावली के पावन अवसर पर वाराणसी के गंगा घाटों पर जुटने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने अब श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पुख्ता करने की मांग उठाई है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख गंगा घाटों पर चिकित्सा शिविर, जीवनरक्षक दवाएं और पर्याप्त एंबुलेंस तैनात किए जाने की जोरदार मांग की है।

विशेष इंतजाम और आपातकालीन सुविधाओं की मांग
सपा की कैंट विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा यादव (काशी पुत्री) ने कहा कि देव दीपावली काशी का एक बेहद भव्य और प्रतिष्ठित धार्मिक पर्व है, जिसमें शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक गंगा घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग को विशेष इंतजाम करने चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्रमुख घाटों पर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती हो, साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवनरक्षक दवाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण हर समय उपलब्ध रहें। इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले इलाकों और घाटों के आसपास एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था हो ताकि किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या या आपात स्थिति में पीड़ित को तुरंत चिकित्सीय सहायता मिल सके।
सपा नेताओं ने प्रशासन से समय रहते तैयारी करने को कहा
सपा उत्तर प्रदेश सचिव विष्णु शर्मा ने कहा कि देव दीपावली के दौरान काशी में भारी जनसैलाब उमड़ता है, जिसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को किसी भी अप्रिय या आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए। प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में मेडिकल टीमों की मौजूदगी बेहद जरूरी है।
सपा नेताओं ने दोटूक कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष फोकस करना चाहिए, ताकि काशी आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
सीएमओ को ज्ञापन सौंपने वाले सपा प्रतिनिधिमंडल में कैंट के पूर्व अध्यक्ष दिलीप कश्यप, सपा नेता इमरान अहमद “बबलू”, व्यापार सभा के जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल, आशीष यादव, महेंद्र विश्वकर्मा, राष्ट्रीय सचिव पूजा सिंह, राष्ट्रीय सचिव मंजू कन्नौजिया और आकाश विश्वकर्मा समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
