Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi News: SBI बैंक में दराज खोलते ही चली गोली, ग्राहक की लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से महिला कर्मचारी घायल

शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर चांदमारी स्थित एसबीआई शाखा की घटना; जौनपुर के खाताधारक ने गार्ड को सौंपी थी रिवॉल्वर

Ad

 
e
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्राइस्ट नगर चांदमारी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा में शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 की दोपहर एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज हादसे में हड़कंप मच गया। बैंक के अंदर दराज से नीचे गिरी एक लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक फायर हो गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला बैंक कर्मचारी के पैर में गोली लग गई।

Ad

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के हिम्मत नगर गांव निवासी खाताधारक संजीव शुक्ला (पुत्र स्व. शेषमणि शुक्ला) अपने बैंक संबंधी कार्य से आज दोपहर करीब 14:30 बजे शिवपुर स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे। बैंक नियमों के तहत उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर बैंक के गार्ड के पास जमा कर दी थी।

गार्ड ने सुरक्षा की दृष्टि से उस रिवॉल्वर को अपनी मेज की दराज में रख दिया था। इसके कुछ समय बाद यानी दोपहर करीब 14:40 बजे बैंक की महिला कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी किसी जरूरी काम से उसी मेज की दराज खोलने गईं। जैसे ही दराज खुली, उसमें रखी रिवॉल्वर अचानक नीचे फर्श पर आ गिरी और जमीन पर टकराते ही उससे गोली चल गई।

पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

दराज से गिरी रिवॉल्वर से चली गोली सीधे बैंक कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी के पैर के निचले हिस्से में जा लगी। गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल कर्मचारी को इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस मौके पर, स्थिति नियंत्रण में

घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक परिसर का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम है। घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।