Varanasi News: सिंधोरा और चोलापुर में थाना समाधान दिवस पर बड़े अधिकारी रहे नदारद, चोलापुर में आईं 48 शिकायतें
राजस्व अधिकारियों की अनुपस्थिति से कई मामलों का मौके पर नहीं हुआ निस्तारण; जनगणना ट्रेनिंग के कारण लेखपाल रहे नदारद; फरियादियों ने बताया खानापूर्ति।
भदैनी मिरर लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में कानून और राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित होने वाला 'थानों का समाधान दिवस' इस बार व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया। माह के दूसरे शनिवार को सिंधोरा और चोलापुर थानों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान राजस्व विभाग के बड़े अधिकारी नदारद रहे, जिसके चलते तमाम फरियादी बिना समाधान के ही मायूस होकर लौटने को मजबूर हुए।


चोलापुर थाने में पहुंचीं 48 शिकायतें
चोलापुर थाने में समाधान दिवस के दौरान जमीन विवाद और अन्य मामलों से जुड़ी कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं। हालांकि, मौके पर सिर्फ कानूनगो घनश्याम सिंह (पलहीपट्टी) और 20 लेखपाल ही मौजूद रह सके।
सूत्रों के मुताबिक, जनगणना की ट्रेनिंग के चलते बाकी कई लेखपाल अनुपस्थित थे। इसके अलावा राजस्व विभाग और प्रशासनिक स्तर के अन्य बड़े अधिकारियों के न पहुंचने के कारण अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। बड़े अधिकारियों के न होने से फरियादियों में भारी नाराजगी देखने को मिली और लोगों ने इसे महज एक 'खानापूर्ति' करार दिया।
सिंधोरा थाने में भी कमोबेश यही रहा हाल
उधर, सिंधोरा थाने में भी स्थिति कुछ अलग नहीं थी। यहां एसओ रवि मलिक ने थाने पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। हालांकि, इस थाने में भी राजस्व के बड़े अधिकारी पूरी तरह नदारद रहे और केवल कुछ लेखपाल ही उपस्थित नजर आए।
अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण फरियादियों के जमीन और पैमाइश से जुड़े मामलों का मौके पर हल नहीं निकल पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब समाधान दिवस पर बड़े अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे, तो जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कैसे संभव हो सकेगा। हालांकि, दोनों थानों पर पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों ने जनता की शिकायतें दर्ज कर जल्द से जल्द मामलों के निष्पक्ष निस्तारण का आश्वासन दिया है।

