Varanasi News: साधन समिति सचिव परिषद ने एआर कोऑपरेटिव को सौंपी 89 पॉस मशीनें
चोलापुर से सेवापुरी तक 8 ब्लॉक की 89 समितियां शामिल; मांगों को लेकर लखनऊ इको गार्डन में अनवरत धरना-प्रदर्शन करेंगे कर्मचारी
वाराणसी (भदैनी मिरर): साधन समिति सचिव परिषद उत्तर प्रदेश की वाराणसी इकाई ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह और जिला महामंत्री अनिल दुबे के नेतृत्व में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता), वाराणसी को एक पत्र सौंपकर जनपद की सभी साधन सहकारी समितियों की कुल 89 पॉस (PoS) मशीनें वापस सुपुर्द कर दी हैं।

संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे 22 अक्टूबर 2026 से पूर्ण रूप से तालाबंदी करते हुए राजधानी लखनऊ स्थित इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ब्लॉकवार जमा की गईं 89 पॉस मशीनें
परिषद द्वारा जिले के आठों विकास खंडों (ब्लॉक) की साधन समितियों की पॉस मशीनें विभागीय अधिकारियों को सौंपी गईं, जिनका ब्योरा निम्नलिखित है:
-
चोलापुर: 11 मशीनें
-
चिरईगांव: 10 मशीनें
-
बड़ागांव: 09 मशीनें
-
पिंडरा: 09 मशीनें
-
काशीविद्यापीठ: 13 मशीनें
-
आराजी लाइन्स: 11 मशीनें
-
हरहुआ: 15 मशीनें
-
सेवापुरी: 12 मशीनें
-
कुल जमा मशीनें: 89 पॉस मशीनें
'मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा लखनऊ में आंदोलन'
जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग और सरकार को पूर्व में ही पत्र के माध्यम से सूचित कर दिया गया था। इसके बावजूद समस्याओं का निस्तारण न होने के कारण अब उनके पास आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है। जब तक उनकी सभी जायज मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक लखनऊ इको गार्डन में अनवरत धरना जारी रहेगा।
इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष अभय सिंह, अखिलेश यादव, विवेक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण श्रीवास्तव, सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, तथा संगठन मंत्री अरविंद दुबे, जितेंद्र यादव, राहुल सिंह व रमाकांत त्रिपाठी सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य एवं सचिव उपस्थित रहे।
