Varanasi News: नेपाल के छात्रों का वाराणसी में खोया Apple iPhone, बिना सिम वाले मोबाइल को चेतगंज पुलिस ने ऐसे ढूंढा
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का सराहनीय कार्य; बिना सिम और बिना किसी शिकायत के फेसबुक नोटिफिकेशन के जरिए चेतगंज पुलिस ने खोज निकाला असली मालिक।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का एक बार फिर मानवीय और सराहनीय चेहरा सामने आया है। काशी भ्रमण पर नेपाल से वाराणसी आए कुछ छात्रों का कीमती एप्पल (Apple) मोबाइल फोन चेतगंज थाना क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। भारत में अपना कीमती फोन खोने के बाद छात्र इसकी मिलने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ चुके थे, लेकिन चेतगंज पुलिस की तत्परता और आधुनिक सूझबूझ ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया और छात्रों का फोन सकुशल वापस लौटा दिया।


बिना सिम के मोबाइल ढूंढना था बड़ी चुनौती
जानकारी के अनुसार, नेपाल से आए छात्रों का यह आईफोन चेतगंज थाना अंतर्गत पान दरीबा चौकी प्रभारी को लावारिस हालत में मिला था। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि उस मोबाइल फोन के अंदर कोई सिम कार्ड मौजूद नहीं था। इतना ही नहीं, मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित छात्रों ने पुलिस से संपर्क भी नहीं किया था और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई थी। ऐसे में मोबाइल के असली मालिक तक पहुंचना पुलिस के लिए एक पहेली बन गया था।

तकनीकी एक्सपर्ट नमन ने फेसबुक नोटिफिकेशन से निकाला रास्ता
इस पेचीदा समस्या के समाधान के लिए चौकी प्रभारी ने अपने एक परिचित तकनीकी जानकार (Tech Expert) युवा नमन को कॉल कर मौके पर बुलाया और पूरा मामला उनके सामने रखा। टेक्नोलॉजी के जानकार नमन ने पुलिस से कुछ घंटों का समय मांगा। उन्होंने बिना सिम वाले उस फोन की स्क्रीन पर आए एक फेसबुक नोटिफिकेशन को ट्रैक किया। उस नोटिफिकेशन की कड़ियों को जोड़ते हुए नमन ने सोशल मीडिया के जरिए आखिरकार मोबाइल के असली मालिक (नेपाली छात्र) से संपर्क साधने में सफलता पा ली।

कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली के मुरीद हुए नेपाली छात्र
मोबाईल के मालिक का पता चलते ही चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने नेपाल से आए छात्रों को थाने बुलाया और पूरे सम्मान के साथ उनका एप्पल मोबाइल उन्हें सकुशल सौंप दिया। भारत की धरती पर खोए हुए मोबाइल को वापस पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विदेशी छात्र भावुक हो गए और उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर बार-बार उनका आभार प्रकट किया। छात्रों ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की इस अनोखी कार्यप्रणाली, ईमानदारी और मित्र पुलिस की भावना की जमकर सराहना की। इस सराहनीय कार्य की अब हर तरफ चर्चा हो रही है।
