Varanasi News: लोहता के छितौनी गांव में बड़ी चोरी; कमरे में सोते रहे पत्नी-बच्चे
लोहता पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शुरू की जांच; पीड़ित आशीष शर्मा ने थाने में दी तहरीर
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। गुरुवार रात चोरों ने घर में घुसकर आलमारी के लॉकर से करीब सात लाख रुपये के आभूषण और तीन हजार रुपये नकद पार कर दिए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने इस पूरी वारदात को तब अंजाम दिया जब परिवार के लोग उसी कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

कमरे में सोते रहे पत्नी और बच्चे
छितौनी निवासी पीड़ित आशीष शर्मा के अनुसार, चोरों ने उनके कमरे में रखी आलमारी का लॉकर चाबी से ही खोलकर कीमती सामान चुराया। चोर वहां से सोने की तीन अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, दो झुमके, चांदी का एक लॉकेट, दो जोड़ी पायल और तीन हजार रुपये नकद उठा ले गए।
आशीष ने बताया कि जिस कमरे में आलमारी रखी थी, उसी कमरे में उनकी पत्नी और दो बच्चे सो रहे थे। रात करीब एक बजे उनका एक बच्चा जागा भी था, लेकिन उस समय किसी असामान्य गतिविधि का पता नहीं चला। परिवार का अनुमान है कि चोरी की यह घटना रात दो बजे के आसपास हुई होगी।
सुबह पांच बजे खुला राज, पुलिस जांच में जुटी
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब परिजनों की नींद खुली और उन्होंने आलमारी खुली देखी, तो उनके होश उड़ गए। लॉकर का सारा सामान गायब था। घटना की सूचना तुरंत लोहता पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
