Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर में बड़ा हादसा टला! बच्चों से भरी स्कूली बस पर गिरे 2 बिजली के खंभे
Varanasi Bus Accident: शिवपुर के लक्ष्मणपुर (प्रताप नगर कॉलोनी) में मुख्य मार्ग से गुजर रही स्कूली बस पर अचानक गिरे दो लाइट पोल। इलाके की बत्ती गुल, रास्ता पूरी तरह बाधित; स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणपुर स्थित प्रताप नगर कॉलोनी के पास मंगलवार को एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ स्कूली बच्चों से खचाखच भरी एक बस मुख्य मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक दो भारी-भरकम बिजली के खंभे (लाइट पोल) सीधे बस के ऊपर आकर गिर गए।


खंभे गिरने की इस भयानक आवाज और झटके से बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, ईश्वर का बड़ा चमत्कार रहा कि इस बेहद डरावने हादसे में किसी भी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई है। बस में सवार सभी स्कूली बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित और बाल-बाल बच गए हैं।
यातायात ठप, पूरे इलाके की बत्ती हुई गुल
बीच सड़क पर दो बड़े पोल गिरने की वजह से लक्ष्मणपुर प्रताप नगर कॉलोनी मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। वहीं, पोल गिरने के साथ ही शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए बिजली विभाग द्वारा इलाके की लाइट तुरंत काट दी गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को भी उमस और गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शासन-प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेने की अपील
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और अभिभावकों ने 'भदैनी मिरर' के माध्यम से वाराणसी जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के उच्च अधिकारियों से अपील की है कि वे इस मामले को तत्काल संज्ञान में लें।

जनता की मांग: मार्ग पर गिरे खंभों और तारों के मलबे को तुरंत हटाकर यातायात बहाल किया जाए। साथ ही, क्षेत्र में जितने भी जर्जर और खतरनाक पोल हैं, उन्हें समय रहते बदला जाए ताकि भविष्य में मासूम बच्चों या किसी भी नागरिक की जान को खतरा न हो।
