Varanasi News: शिवपुर सीएचसी परिसर में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव
बिहार के रहने वाले 31 वर्षीय छोटू कुमार लोहार का शव मिलने से अस्पताल परिसर में सनसनी, पत्नी से चल रहा था विवाद।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अस्पताल परिसर में ही निर्माण कार्य में लगे एक 31 वर्षीय मजदूर का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


ढाई महीने से कर रहा था मजदूरी, परिसर में ही रहता था
मृतक की पहचान छोटू कुमार लोहार (पुत्र अज्ञात, उम्र करीब 31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के दुरनिया जिले के रामबाग (सदर) का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, छोटू पिछले लगभग ढाई महीने से शिवपुर सीएचसी परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था और अस्पताल परिसर में ही एक कमरे में रहता था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि उसकी अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसकी एक दो साल की छोटी बेटी भी है।
भांजे ने सुबह देखा कमरे का नजारा
मृतक का भांजा सोनू लोहार भी इसी अस्पताल परिसर में एक अलग कमरे में रहता था। सोनू के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब वह अपने मामा छोटू के कमरे में पहुंचा, तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कमरे में छोटू का शव फंदे से लटका हुआ देख उसके होश उड़ गए।
घबराए हुए सोनू ने तुरंत इसकी सूचना अपने मित्र बबलू को दी और इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने तत्काल परिजनों को हादसे की सूचना दी और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही है हर पहलू पर जांच
घटना की सूचना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
